गौतमबुद्धनगर: मोहियापुर में भाकियू की संगोष्ठी में गूंजा किसानों का आक्रोश, अशोक भाटी बोले—समस्याओं के समाधान तक जारी रहेगा संघर्ष!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
नोएडा, 13 अप्रैल 2026:
दो टूक//नोएडा के मोहियापुर गांव में सोमवार को भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) की एक महत्वपूर्ण संगोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें किसानों और ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं को लेकर जोरदार आवाज उठाई। कार्यक्रम की अध्यक्षता चौधरी गोपीचंद लोहिया ने की, जबकि संचालन जिला महासचिव विपिन तंवर ने किया।
संगोष्ठी के दौरान ग्रामीणों और किसानों ने प्राधिकरण के खिलाफ गहरा रोष व्यक्त करते हुए श्मशान घाट, नाली, सड़क, सीवर व्यवस्था, साफ-सफाई समेत विभिन्न मूलभूत समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। लोगों ने बताया कि लंबे समय से इन समस्याओं का समाधान नहीं होने के कारण उन्हें भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
इस मौके पर जिलाध्यक्ष अशोक भाटी ने किसानों और ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं को प्राथमिकता के साथ उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाकियू किसानों और आमजन के अधिकारों की लड़ाई मजबूती से लड़ता रहा है और आगे भी लड़ता रहेगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही प्राधिकरण के अधिकारियों के साथ बैठक कर इन सभी समस्याओं का ठोस समाधान कराया जाएगा।
अशोक भाटी ने अपने संबोधन में कहा कि किसान और मजदूर इस देश की रीढ़ हैं, लेकिन आज वही सबसे ज्यादा उपेक्षित हैं। उन्होंने संगठन की एकजुटता पर जोर देते हुए कहा कि जब तक किसानों और श्रमिकों को उनका हक नहीं मिल जाता, तब तक संघर्ष जारी रहेगा।
वहीं, राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी सुभाष चौधरी ने बे-मौसम बारिश और ओलावृष्टि से किसानों को हुए नुकसान पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि प्रदेश के किसानों की फसलें पूरी तरह से बर्बाद हो चुकी हैं, जिससे किसान आर्थिक संकट में आ गया है। उन्होंने सरकार से मांग की कि तत्काल सर्वे कराकर किसानों को उचित मुआवजा दिया जाए, ताकि वे इस संकट से उबर सकें।
संगोष्ठी के दौरान जिलाध्यक्ष अशोक भाटी ने नोएडा में वेतन वृद्धि को लेकर हुए श्रमिकों के उग्र आंदोलन पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने हिंसा की निंदा करते हुए कहा कि वर्तमान महंगाई के दौर में मजदूरों और कर्मचारियों के लिए कम वेतन में परिवार का पालन-पोषण करना बेहद कठिन हो गया है। उन्होंने सरकार से अपील की कि श्रमिकों को उनकी मेहनत के अनुरूप उचित वेतन और आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं।
इस दौरान जिला सचिव युवा नेता सचिन अवाना ने युवाओं की भूमिका पर जोर देते हुए कहा कि संगठन को मजबूत बनाने के लिए युवाओं की भागीदारी बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि भाकियू का भविष्य युवाओं के हाथ में है और वही संगठन को नई दिशा देंगे।
कार्यक्रम के दौरान राकेश लोहिया समेत सैकड़ों युवाओं ने बाबा महेंद्र सिंह टिकैत में आस्था व्यक्त करते हुए भारतीय किसान यूनियन की सदस्यता ग्रहण की। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष अशोक भाटी ने सभी नए सदस्यों को टोपी पहनाकर उनका स्वागत किया।
संगोष्ठी के बाद ग्रामवासियों ने भाकियू पदाधिकारियों का भव्य स्वागत किया। ट्रैक्टर रैली निकालकर और पुष्पमालाओं के साथ नेताओं का अभिनंदन किया गया, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
इस अवसर पर जलकेश बाबूजी, चरण सिंह भाटी, सिंहराज गुर्जर, रविंद्र भगत, सुंदर बाबा, प्रवीण बाबा, धीरेस नंबरदार, रामवीर हवलदार, हिमांशु चपराना, सतवीर प्रधान, रमेश चौधरी, राजू नागर, पवन नंबरदार, अशोक डेढ़ा, रविंद्र चौधरी सहित बड़ी संख्या में किसान और युवा मौजूद रहे।।
