गौतमबुद्धनगर: सलारपुर चौपाल में फूटा ग्रामीणों का गुस्सा: समस्याओं के अंबार पर घिरे अधिकारी, भाकियू नेता अशोक भाटी ने दी आंदोलन की चेतावनी!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक//गौतमबुद्ध नगर/नोएडा के सलारपुर गांव के खेड़ा देवत स्थित चौपाल पर आयोजित नोएडा प्राधिकरण की गांव चौपाल में इस बार ग्रामीणों का गुस्सा खुलकर सामने आया। वर्षों से लंबित मूलभूत समस्याओं को लेकर ग्रामीणों ने अधिकारियों को घेरते हुए स्पष्ट कहा कि अब केवल आश्वासन नहीं, जमीनी स्तर पर काम चाहिए।
चौपाल में सिविल, जल, सीवर, स्वास्थ्य और विद्युत विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में रोहित कुमार, प्रदीप वर्मा, सुरेंद्र वर्मा, सुभाष कुमार, पवन कुमार, राकेश भाटी, राय प्रताप सिंह, मुकेश शर्मा, मोहन कुमार, कृष्ण कुमार और धर्मेंद्र कुमार समेत कई अधिकारी शामिल हुए।
समस्याओं का अंबार, समाधान नदारद
ग्रामीणों ने गांव की बदहाल स्थिति को लेकर खुलकर नाराजगी जताई। चौपाल में प्रमुख रूप से सीवर व्यवस्था की खराब हालत, टूटी और अधूरी आरसीसी सड़कें, सामुदायिक केंद्र की कमी, कन्या विद्यालय की जरूरत, चिकित्सा सुविधाओं का अभाव, जल निकासी की समस्या, साफ-सफाई की अनदेखी और बिजली व्यवस्था की खामियों को उठाया गया।
ग्रामीणों का कहना था कि ये समस्याएं कोई नई नहीं हैं, बल्कि वर्षों से चली आ रही हैं। हर बार चौपाल लगती है, अधिकारी आते हैं, आश्वासन देते हैं, लेकिन धरातल पर विकास कार्य नजर नहीं आते।
अशोक भाटी ने रखी मजबूती से ग्रामीणों की आवाज
चौपाल में भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के गौतमबुद्ध नगर जिलाध्यक्ष अशोक भाटी की मौजूदगी ने कार्यक्रम को और प्रभावी बना दिया। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याओं को न सिर्फ विस्तार से रखा, बल्कि अधिकारियों के सामने कड़े शब्दों में अपनी बात रखी।
अशोक भाटी ने सेक्टर 80-81 सलारपुर में बारात घर निर्माण में हो रही देरी, फ्लाईओवर के नीचे सलारपुर-भंगेल कट की समस्या, पार्किंग की व्यवस्था, नाले की पटरी पर डिवाइडर निर्माण, और मंगतू कॉलोनी, भट्टा कॉलोनी, राजीव कॉलोनी समेत अन्य इलाकों की समस्याओं को विस्तार से उठाया।
उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि ग्रामीणों के धैर्य की परीक्षा अब ज्यादा दिन नहीं ली जा सकती। यदि जल्द ही समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो सलारपुर के लोग एकजुट होकर नोएडा प्राधिकरण के खिलाफ बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
“अब आश्वासन नहीं, काम चाहिए”
अशोक भाटी ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि गांवों के विकास को लेकर सिर्फ कागजी योजनाएं नहीं, बल्कि ठोस कार्यवाही की जरूरत है। उन्होंने कहा कि किसान और ग्रामीण लंबे समय से उपेक्षा का शिकार हैं, लेकिन अब वे चुप बैठने वाले नहीं हैं।
अधिकारियों ने दिया भरोसा
बैठक के अंत में संबंधित विभागों के अधिकारियों ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि सभी प्रमुख समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाएगा और जल्द ही आवश्यक विकास कार्य शुरू किए जाएंगे।
बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीण
इस अवसर पर सुखबीर प्रधान, चरण सिंह भाटी, सिंह राज गुर्जर, जयराज भाटी, सचिन भाटी, योगेश भाटी, विजय गुर्जर, बलवीर पहलवान, धर्मेंद्र शर्मा, सोमेश भारद्वाज, ओम भाटी, पुरुषोत्तम भाटी, मनोज भाटी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
यह चौपाल एक बार फिर यह सवाल छोड़ गई कि क्या इस बार वाकई समस्याओं का समाधान होगा, या फिर यह भी केवल आश्वासनों तक ही सीमित रह जाएगी।
