गुरुवार, 2 अप्रैल 2026

गौतमबुद्धनगर: दनकौर में बाल विकास विभाग की सेक्टर मीटिंग सम्पन्न, योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और संचारी रोग नियंत्रण पर दिया गया विशेष जोर!!

शेयर करें:


गौतमबुद्धनगर: दनकौर में बाल विकास विभाग की सेक्टर मीटिंग सम्पन्न, योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और संचारी रोग नियंत्रण पर दिया गया विशेष जोर!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

गौतमबुद्धनगर, 02 अप्रैल 2026

दो टूक// जनपद के दनकौर स्थित बाल विकास परियोजना कार्यालय में गुरुवार को एक महत्वपूर्ण सेक्टर मीटिंग का आयोजन किया गया, जिसमें सेक्टर चीरसी एवं सिरसा की आंगनवाड़ी कार्यकर्त्रियों ने सक्रिय रूप से प्रतिभाग किया। बैठक की अध्यक्षता बाल विकास परियोजना अधिकारी संध्या सोनी ने की।

बैठक के दौरान विभिन्न सरकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए कार्यकर्त्रियों को प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना (PMMVY), पंजीकरण प्रक्रिया एवं पोषण ट्रैकर के संचालन से संबंधित विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों ने योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए। समीक्षा में यह पाया गया कि प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना में अपेक्षित प्रगति नहीं हो पा रही है, जिस पर संबंधित कार्यकर्त्रियों को सुधार लाने के निर्देश दिए गए।

इसके साथ ही विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान एवं दस्तक अभियान को लेकर भी कार्यकर्त्रियों को जागरूक किया गया। बाल विकास परियोजना अधिकारी संध्या सोनी ने बताया कि अभियान के अंतर्गत आंगनवाड़ी कार्यकर्त्रियां आशा कार्यकर्त्रियों के साथ समन्वय स्थापित कर घर-घर जाकर लोगों को संचारी रोगों से बचाव के प्रति जागरूक करेंगी और अभियान को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाएंगी।

बैठक में उपस्थित प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. नारायण किशोर एवं डॉ. शिल्पी ने भी कार्यकर्त्रियों को संबोधित करते हुए संचारी रोगों की रोकथाम के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने स्वच्छता, साफ-सफाई, नियमित हाथ धोने एवं स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों को अपनाने पर विशेष बल दिया।

इसी क्रम में परियोजना स्तर पर आयुष्मान कार्ड कैंप का आयोजन भी किया गया, जिसमें आंगनवाड़ी कार्यकर्त्रियों ने अपने आधार का सत्यापन कराते हुए आयुष्मान भारत योजना के तहत नामांकन कराया।

बैठक के अंत में सभी कार्यकर्त्रियों को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में घर-घर जाकर जनजागरूकता अभियान को गति दें तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाना सुनिश्चित करें।।