सोमवार, 6 अप्रैल 2026

गौतमबुद्धनगर: राजस्व वादों के निस्तारण में तेजी लाने के निर्देश, लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई: जिलाधिकारी

शेयर करें:


गौतमबुद्धनगर: राजस्व वादों के निस्तारण में तेजी लाने के निर्देश, लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई: जिलाधिकारी

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक// गौतमबुद्धनगर, 06 मार्च 2026।
जनपद में लंबित राजस्व वादों के त्वरित और प्रभावी निस्तारण को लेकर जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट सभागार में राजस्व विभाग के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि विभिन्न स्तरों पर लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाते हुए राजस्व न्यायालयों में लंबित प्रकरणों की संख्या में शीघ्र कमी लाई जाए।

जिलाधिकारी ने कहा कि न्यायालयों में लंबित मामलों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने समस्त उपजिलाधिकारियों, तहसीलदारों एवं राजस्व अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने न्यायालयों में लंबित वादों की नियमित समीक्षा करें और निस्तारण प्रक्रिया को अधिक प्रभावी व पारदर्शी बनाएं।

बैठक के दौरान लंबे समय से लंबित प्रकरणों को चिन्हित कर विशेष अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि ऐसे मामलों के निस्तारण में तेजी लाकर आम जनता को राहत पहुंचाई जाए। साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

राजस्व न्यायालयों की कार्यप्रणाली को और अधिक सुदृढ़ बनाने पर बल देते हुए जिलाधिकारी ने प्रत्येक प्रकरण के गुणवत्तापूर्ण एवं निष्पक्ष निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि न्यायिक प्रक्रिया में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना अत्यंत आवश्यक है, ताकि जनता का प्रशासन पर विश्वास और मजबूत हो सके।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) मंगलेश दुबे, उप जिलाधिकारी सदर आशुतोष गुप्ता, उप जिलाधिकारी दादरी अनुज नेहरा, उप जिलाधिकारी जेवर दुर्गेश सिंह, डिप्टी कलेक्टर वेद प्रकाश पांडेय सहित अन्य संबंधित राजस्व अधिकारी उपस्थित रहे।।