सोमवार, 6 अप्रैल 2026

गौतमबुद्धनगर: नोएडा सेक्टर-82 के ईडब्ल्यूएस पॉकेट-7 में बदहाल हालात: नालियां जाम, जर्जर फ्लैटों से हादसे का खतरा, आरडब्ल्यूए ने प्राधिकरण से लगाई गुहार!!

शेयर करें:


गौतमबुद्धनगर: नोएडा सेक्टर-82 के ईडब्ल्यूएस पॉकेट-7 में बदहाल हालात: नालियां जाम, जर्जर फ्लैटों से हादसे का खतरा, आरडब्ल्यूए ने प्राधिकरण से लगाई गुहार!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा। सेक्टर-82 स्थित ईडब्ल्यूएस पॉकेट-7 में बुनियादी सुविधाओं की बदहाल स्थिति को लेकर स्थानीय निवासियों की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है। क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को लेकर आरडब्ल्यूए अध्यक्ष राघवेंद्र दुबे ने प्राधिकरण के वर्क सर्किल-8 के वरिष्ठ प्रबंधक रोहित सिंह से मुलाकात कर विस्तृत शिकायत पत्र सौंपा और जल्द समाधान की मांग उठाई।

आरडब्ल्यूए अध्यक्ष राघवेंद्र दुबे ने बताया कि पूरे पॉकेट की नालियां लंबे समय से बंद पड़ी हैं, जिसके चलते गंदा पानी बाहर नहीं निकल पा रहा है। स्थिति इतनी गंभीर हो गई है कि जलभराव के कारण इमारतों की नींव कमजोर होने का खतरा पैदा हो गया है, जिससे फ्लैटों के गिरने जैसी आशंका भी जताई जा रही है। उन्होंने मांग की कि नई नालियों का निर्माण कराया जाए ताकि पानी का सुचारू निकास सुनिश्चित हो सके।

इसके अलावा, प्राधिकरण द्वारा आवंटित न किए गए कई फ्लैट पूरी तरह जर्जर हो चुके हैं। इन फ्लैटों का प्लास्टर झड़ चुका है और कई जगहों पर पीपल के पेड़ उग आए हैं, जो किसी बड़े हादसे को न्योता दे रहे हैं। आरडब्ल्यूए ने ऐसे फ्लैटों की तत्काल मरम्मत या उचित कार्रवाई की मांग की है।

क्षेत्र में ग्रिट वॉश (फर्श) भी कई स्थानों पर टूट चुकी है, जिससे आवागमन में परेशानी हो रही है और दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। इसके साथ ही आरडब्ल्यूए ने गार्ड रूम के पास सार्वजनिक शौचालय निर्माण और युवाओं के लिए एक पुस्तकालय भवन बनाने की भी मांग रखी, ताकि क्षेत्र में स्वच्छता और शिक्षा दोनों को बढ़ावा मिल सके।

मामले को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ प्रबंधक रोहित सिंह ने आरडब्ल्यूए को आश्वासन दिया कि सभी समस्याओं का शीघ्र समाधान कराया जाएगा और संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे।

स्थानीय निवासियों को अब प्राधिकरण की कार्रवाई का इंतजार है, ताकि उन्हें मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं से जल्द राहत मिल सके।।