बुधवार, 29 अप्रैल 2026

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में सुरक्षा सख्त: पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर तीनों जोनों में व्यापक फुट पेट्रोलिंग, आमजन से संवाद तेज!!

शेयर करें:


गौतमबुद्धनगर: नोएडा में सुरक्षा सख्त: पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर तीनों जोनों में व्यापक फुट पेट्रोलिंग, आमजन से संवाद तेज!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

नोएडा, 29 अप्रैल 2026।
दो टूक//गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा शहर की कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से बुधवार को व्यापक स्तर पर सुरक्षा अभियान चलाया गया। पुलिस कमिश्नर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशानुसार एवं अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था) डॉ. राजीव नारायण मिश्र के पर्यवेक्षण में तीनों जोनों के पुलिस अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में सघन फुट पेट्रोलिंग कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने न केवल संवेदनशील इलाकों में पैदल गश्त की, बल्कि स्थानीय नागरिकों एवं गणमान्य व्यक्तियों से सीधे संवाद स्थापित कर शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील भी की। अधिकारियों ने लोगों को जागरूक करते हुए कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या असामाजिक तत्व की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

पुलिस टीमों ने औद्योगिक क्षेत्रों में स्थित कंपनियों के बाहर भी सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया और संबंधित थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि वे नियमित रूप से फुट पेट्रोलिंग जारी रखें। साथ ही, श्रमिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए गए।

कमिश्नरेट स्तर से सभी पीआरवी (पुलिस रिस्पांस व्हीकल) को लगातार क्षेत्र में सक्रिय और भ्रमणशील रहने के निर्देश जारी किए गए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

पुलिस के इस अभियान से शहर में सुरक्षा का माहौल मजबूत हुआ है और आमजन में विश्वास बढ़ा है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क और सक्रिय है।।