गौतमबुद्धनगर: ग्रेटर नोएडा वेस्ट की ला रेजीडेंसिया सोसाइटी में भीषण आग, कंप्रेसर फटने से हादसा; फायर सिस्टम फेल होने पर उठे सवाल!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक// ग्रेटर नोएडा वेस्ट: बिसरख थाना क्षेत्र स्थित ला रेजीडेंसिया सोसाइटी में देर रात एक फ्लैट में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में फ्लैट का पूरा सामान जलकर राख हो गया। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन घटना ने सोसाइटी की सुरक्षा व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोसाइटी के 12वें फ्लोर पर स्थित एक फ्लैट में अचानक आग लग गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
सीएफओ प्रदीप कुमार चौबे ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आग की घटना एसी के कंप्रेसर फटने के कारण हुई। उन्होंने कहा कि समय रहते राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
मेंटेनेंस और फायर सिस्टम पर उठे सवाल
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि सोसाइटी में नियमित मेंटेनेंस के दावे किए जाते हैं, लेकिन वास्तविकता में फायर सेफ्टी सिस्टम पूरी तरह फेल साबित हुआ। आग लगने के समय फायर फाइटिंग सिस्टम ने काम नहीं किया, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई।
इसके अलावा, पानी के टावर में पर्याप्त पानी न होने की वजह से आग बुझाने में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। यदि समय पर फायर ब्रिगेड नहीं पहुंचती, तो आग और बड़े स्तर पर फैल सकती थी।
निवासियों में आक्रोश, जांच की मांग
घटना के बाद सोसाइटी के निवासियों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। लोगों का कहना है कि मेंटेनेंस टीम और बिल्डर की लापरवाही के कारण उनकी जान जोखिम में पड़ी। निवासियों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
प्रशासन से फायर सेफ्टी ऑडिट की मांग
यह घटना एक बार फिर हाईराइज सोसाइटियों में फायर सेफ्टी इंतजामों की पोल खोलती है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि सभी सोसाइटियों के फायर सिस्टम का व्यापक ऑडिट कराया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।।
