गौतमबुद्धनगर: नोएडा में फैक्ट्री अग्निकांड: सेक्टर-6 की इकाइयों में भड़की भीषण आग, चार दमकल गाड़ियों ने पाया काबू, काले धुएं से दहला इलाका!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक//नोएडा। थाना फेस-1 क्षेत्र के सेक्टर-6 स्थित ई-ब्लॉक (प्लॉट E-69 और E-70) की फैक्ट्रियों में सोमवार को अचानक भीषण आग लगने से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया और इसकी लपटों ने आसपास की अन्य फैक्ट्रियों को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग की तीव्रता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि आसमान में दूर तक काले धुएं का गुबार छा गया, जिससे आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की चार गाड़ियां तत्काल मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के लिए तेजी से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें समन्वय के साथ हालात को नियंत्रित करने में जुटी रहीं। एहतियातन आसपास के इलाके में सतर्कता बढ़ा दी गई और लोगों को सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की गई।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी (CFO) प्रदीप कुमार चौबे ने बताया कि दमकल कर्मियों की त्वरित कार्रवाई के चलते आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया है और उसे पूरी तरह बुझाने का कार्य जारी है। उन्होंने राहत की बात बताते हुए कहा कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है और न ही किसी के अंदर फंसे होने की सूचना है।
प्राथमिक जांच में आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। अधिकारियों के अनुसार, आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद शॉर्ट सर्किट समेत अन्य संभावित कारणों की विस्तृत जांच की जाएगी।
फिलहाल दमकल विभाग की टीमें मौके पर मुस्तैदी से तैनात हैं और प्रभावित क्षेत्र को सुरक्षित बनाने के प्रयास जारी हैं। प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है ताकि किसी भी तरह की अनहोनी से बचा जा सके।।
