गौतमबुद्धनगर में “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व” की भव्य गूंज, शिवालयों में श्रद्धा और संस्कृति का संगम!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक//गौतमबुद्धनगर, 19 अप्रैल 2026।
उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व से जुड़े “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व” का जनपद गौतम बुद्ध नगर में अत्यंत भव्य एवं गरिमामय आयोजन किया गया। यह पर्व सोमनाथ मंदिर पर हुए प्रथम आक्रमण के 1000 वर्ष एवं मंदिर के पुनरुद्धार के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में प्रदेशभर में मनाया जा रहा है।
जनपद के सभी विकास खंडों और तहसीलों के अंतर्गत स्थित शिवालयों में धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की गई। भजन संध्या, रुद्राभिषेक, महाआरती, प्रवचन, दीपोत्सव एवं अन्य धार्मिक अनुष्ठानों ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। इन आयोजनों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं आमजन की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली।
कार्यक्रमों के माध्यम से न केवल भगवान शिव की आराधना की गई, बल्कि भारतीय सांस्कृतिक विरासत, आस्था और स्वाभिमान के मूल्यों को भी सशक्त रूप से प्रस्तुत किया गया। विभिन्न स्थलों पर आयोजित प्रवचनों और भजन संध्याओं में सोमनाथ मंदिर के ऐतिहासिक गौरव और उसके पुनरुत्थान की प्रेरणादायक गाथा को भी प्रमुखता से साझा किया गया।
इस अवसर पर पूरे जनपद में शांति, व्यवस्था और उत्साह का अद्भुत समन्वय देखने को मिला। धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक एकता का संदेश भी मजबूती से प्रसारित हुआ।
इसी क्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 19 अप्रैल को लखनऊ से “सोमनाथ स्वाभिमान यात्रा” को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। जनपद गौतम बुद्ध नगर से भी इस यात्रा में सहभागिता सुनिश्चित करते हुए विकास भवन परिसर से 18 अप्रैल को 10 श्रद्धालुओं के दल को लखनऊ के लिए रवाना किया गया। यह दल आगे गुजरात स्थित सोमनाथ मंदिर में आयोजित स्वाभिमान यात्रा में सम्मिलित होगा।
इस प्रकार “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व” जनपद गौतम बुद्ध नगर में श्रद्धा, भव्यता और सांस्कृतिक गरिमा के साथ सम्पन्न हुआ, जिसने जनमानस में नई ऊर्जा और एकता का संचार किया।।
