गौतमबुद्धनगर: नोएडा हिंसा में बड़ा एक्शन: श्रमिक आंदोलन के दो सक्रिय आरोपी गिरफ्तार, मास्टरमाइंड से जुड़े थे तार!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक//गौतमबुद्धनगर, 19 अप्रैल 2026।
पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर ने श्रमिक आंदोलन के दौरान हुए हिंसक प्रदर्शन के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में थाना फेस-2 पुलिस द्वारा की गई।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान हिमांशु ठाकुर और सत्यम वर्मा के रूप में हुई है। दोनों आरोपी श्रमिक धरना-प्रदर्शन के दौरान भड़काऊ गतिविधियों और हिंसक घटनाओं के संचालन में सक्रिय रूप से शामिल थे। इस संबंध में थाना फेस-2 में पहले ही मामला दर्ज किया गया था।
घटना के बाद से ही आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन कर विभिन्न स्थानों पर लगातार दबिश दी जा रही थी। इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और तकनीकी जांच के माध्यम से पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली और 19 अप्रैल 2026 को दोनों आरोपियों को पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी “विगुल मजदूर दस्ता” के सक्रिय सदस्य हैं। हिमांशु ठाकुर घटना के दिन नोएडा में मौजूद था और कथित मास्टरमाइंड आदित्य आनंद के लगातार संपर्क में था, जिससे पूरे घटनाक्रम को दिशा दी जा रही थी।
गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश भी जारी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा।
पुलिस प्रशासन ने साफ किया है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।।
