शनिवार, 11 अप्रैल 2026

गौतमबुद्धनगर: गुर्जर समाज की एकजुटता का भव्य प्रदर्शन: घरबरा में चिंतन बैठक व स्वागत समारोह ऐतिहासिक अंदाज़ में संपन्न!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: गुर्जर समाज की एकजुटता का भव्य प्रदर्शन: घरबरा में चिंतन बैठक व स्वागत समारोह ऐतिहासिक अंदाज़ में संपन्न!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

ग्रेटर नोएडा, 11 अप्रैल 2026।
दो टूक//ग्रेटर नोएडा के घरबरा गांव में अखिल भारतीय गुर्जर महासभा द्वारा आयोजित चिंतन बैठक एवं स्वागत समारोह का भव्य आयोजन शनिवार को चौधरी हरीसिंह भाटी के आवास पर किया गया। शशांक भाटी के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम ने सामाजिक एकता, जागरूकता और संगठनात्मक मजबूती का प्रभावशाली संदेश दिया।

कार्यक्रम की शुरुआत भव्य स्वागत जुलूस के साथ हुई, जिसमें ग्रामवासियों ने ढोल-नगाड़ों, डीजे और घोड़े के साथ पदाधिकारियों का पूरे गांव में अभिनंदन किया। जगह-जगह पुष्प वर्षा कर अतिथियों का स्वागत किया गया, जिससे पूरा गांव उत्सव के माहौल में सराबोर नजर आया।

समारोह की अध्यक्षता चौधरी हरदत्त खलीफा ने की, जबकि मंच संचालन जितेंद्र नागर ने प्रभावशाली ढंग से किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अखिल भारतीय गुर्जर महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री हरिश्चंद्र भाटी उपस्थित रहे। उनके साथ राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सविंदर भाटी, केपी सिंह कसाना, जयप्रकाश विकल, राष्ट्रीय सचिव पंकज रोसा, सुनील भाटी, मनवीर नागर तथा गौतम बुद्ध नगर के जिलाध्यक्ष अशोक भाटी सहित अनेक प्रमुख पदाधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

इस अवसर पर ग्रामवासियों ने सभी अतिथियों का पगड़ी, पुष्पगुच्छ और फूल-मालाओं से भव्य सम्मान किया।

कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने गुर्जर समाज के गौरवशाली इतिहास, सामाजिक एकता और भविष्य की दिशा पर विस्तार से विचार रखे। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सविंदर भाटी ने गुर्जर सम्राट नागभट्ट और सम्राट मिहिर भोज के स्वर्णिम इतिहास को याद करते हुए समाज को अपनी विरासत पर गर्व करने का आह्वान किया। वहीं राष्ट्रीय अध्यक्ष हरिश्चंद्र भाटी ने समाज की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने और कुरीतियों को समाप्त करने पर विशेष जोर दिया।

जिलाध्यक्ष अशोक भाटी का प्रेरणादायी संबोधन बना आकर्षण का केंद्र
गौतम बुद्ध नगर के जिलाध्यक्ष अशोक भाटी ने अपने संबोधन में युवाओं को शिक्षा, कौशल विकास और स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धात्मक दौर में केवल पारंपरिक सोच से आगे बढ़कर आधुनिक शिक्षा और तकनीकी दक्षता अपनाना समय की आवश्यकता है।

अशोक भाटी ने विशेष रूप से समाज में बेटियों की बढ़ती शिक्षा और भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि किसी भी समाज की वास्तविक प्रगति महिलाओं के सशक्तिकरण से ही संभव है। उन्होंने युवाओं से सामाजिक एकता बनाए रखते हुए सकारात्मक भूमिका निभाने की अपील की और संगठन को मजबूत करने में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।

उनका संबोधन न केवल प्रेरणादायक रहा, बल्कि समाज के विकास के लिए एक स्पष्ट दिशा भी प्रस्तुत करता नजर आया, जिसकी उपस्थित जनसमूह ने जोरदार तालियों से सराहना की।

कार्यक्रम के समापन पर विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।

इस मौके पर धनीराम मास्टर, अजय प्रधान, सतबीर प्रधान, जगबीर दौला, गजेंद्र रेक्सवाल, श्यामवीर भाटी, सुखबीर प्रधान, रामसिंह नेताजी, नेमवीर सरपंच, जयराज भाटी, जगत भाटी, श्यामी प्रधान, मैहर चंद टाइगर, अजय चेयरमैन, सूबे मास्टर सहित बड़ी संख्या में मातृशक्ति एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

यह आयोजन न केवल सामाजिक एकता का प्रतीक बना, बल्कि आने वाले समय में गुर्जर समाज की संगठित ताकत और जागरूकता का भी सशक्त संदेश देकर गया।