शनिवार, 11 अप्रैल 2026

गौतमबुद्धनगर: डेढ़ घंटे में कमाल: नोएडा पुलिस ने 8 साल की गुमशुदा बच्ची को सकुशल ढूंढकर परिजनों से मिलाया!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: डेढ़ घंटे में कमाल: नोएडा पुलिस ने 8 साल की गुमशुदा बच्ची को सकुशल ढूंढकर परिजनों से मिलाया!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर के थाना सेक्टर-58 पुलिस ने तत्परता और मुस्तैदी का परिचय देते हुए महज डेढ़ घंटे के भीतर 8 वर्षीय गुमशुदा बच्ची को सकुशल बरामद कर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस की इस तेज कार्रवाई से न केवल एक परिवार को बड़ी राहत मिली, बल्कि आमजन में सुरक्षा को लेकर भरोसा भी मजबूत हुआ है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 11 अप्रैल 2026 को थाना सेक्टर-58 नोएडा क्षेत्र के ग्राम विशनपुरा निवासी एक महिला ने अपनी 8 वर्षीय पुत्री के अचानक घर से लापता होने की सूचना पुलिस को दी। परिजनों द्वारा काफी तलाश के बावजूद बच्ची का कोई सुराग नहीं लग पाया था, जिसके बाद मामला पुलिस के संज्ञान में लाया गया।

सूचना मिलते ही थाना सेक्टर-58 पुलिस हरकत में आई और तत्काल तीन अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया। टीमों ने क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को बारीकी से खंगाला और आसपास के संभावित स्थानों पर तेजी से सर्च अभियान चलाया।

पुलिस की सतर्कता और लगातार प्रयासों का परिणाम यह रहा कि बच्ची को लेबर चौक के पास से सकुशल बरामद कर लिया गया। इसके बाद पुलिस ने बच्ची को सुरक्षित उसके परिजनों के हवाले कर दिया।

अपनी खोई हुई बच्ची को सुरक्षित पाकर परिवार की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। बच्ची की मां ने भावुक होकर थाना सेक्टर-58 पुलिस का आभार व्यक्त किया और उनकी सराहना की।

इस पूरे घटनाक्रम ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि गौतमबुद्धनगर पुलिस आमजन की सुरक्षा के लिए पूरी तरह सजग और प्रतिबद्ध है।।