शुक्रवार, 17 अप्रैल 2026

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय को पुलिस ने रोका, कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन—लोकतंत्र पर उठे सवाल!!

शेयर करें:


गौतमबुद्धनगर: नोएडा में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय को पुलिस ने रोका, कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन—लोकतंत्र पर उठे सवाल!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

नोएडा, गौतमबुद्धनगर:
दो टूक//उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेशाध्यक्ष अजय राय शुक्रवार को नोएडा पहुंचे, जहां उन्होंने पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय मोहसिना किदवई के आवास पर जाकर शोक व्यक्त किया और शोक संतप्त परिवार से मुलाकात की। इसके बाद उन्होंने महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मुकेश यादव के कार्यालय पर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से संवाद किया तथा संगठन को मजबूत करने का संदेश देते हुए संघर्ष के लिए तैयार रहने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के अगले चरण में जब अजय राय जिला अध्यक्ष के कार्यालय की ओर कार्यकर्ताओं के साथ रवाना हुए, तभी होशियारपुर के पास पुलिस प्रशासन ने उन्हें रोक लिया। इस दौरान माहौल अचानक गरमा गया और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सड़क पर बैठकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

अजय राय ने मौके पर पुलिस कार्रवाई पर कड़ा सवाल उठाते हुए कहा कि, “यह कैसा लोकतंत्र है, जहां विपक्ष को अपने ही कार्यालय जाने से रोका जा रहा है। हम श्रमिकों के हक की आवाज उठा रहे हैं और सरकार उसे दबाने का प्रयास कर रही है।” उन्होंने स्पष्ट कहा कि या तो उन्हें आगे जाने दिया जाए या फिर गिरफ्तार कर लिया जाए।

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने अजय राय को हाउस अरेस्ट कर सेक्टर-52 वापस ले जाया, जहां उनके साथ बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता भी बैठ गए और जोरदार नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार पर तानाशाही रवैया अपनाने और लोकतंत्र को कमजोर करने का आरोप लगाया।

महानगर अध्यक्ष मुकेश यादव ने इस घटना को “लोकतंत्र का काला दिन” बताते हुए कहा कि विपक्ष की आवाज को दबाया जा रहा है और जनता के मुद्दों पर बोलना अपराध बना दिया गया है।

वरिष्ठ नेता दिनेश अवाना ने अपने संबोधन में कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा जनता और श्रमिकों के अधिकारों के लिए संघर्ष करती रही है और आगे भी करती रहेगी। उन्होंने कहा कि वर्तमान हालात में श्रमिक वर्ग पर लगातार दबाव बनाया जा रहा है, लेकिन कांग्रेस उनके साथ मजबूती से खड़ी है और हर स्तर पर उनकी लड़ाई लड़ेगी।

प्रदेश सचिव पुरुषोत्तम नागर ने भी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस को सुनियोजित तरीके से रोका जा रहा है, लेकिन पार्टी कार्यकर्ता डरने वाले नहीं हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का हर कार्यकर्ता जनता के हक और न्याय की आवाज को बुलंद करता रहेगा, चाहे इसके लिए कितनी भी बाधाएं क्यों न आएं।

स्टेट कोऑर्डिनेटर सतेन्द्र शर्मा ने अपने वक्तव्य में सरकार पर तीखा हमला करते हुए कहा कि जब से भारतीय जनता पार्टी सत्ता में आई है, तब से आम जनता लगातार परेशान है। उन्होंने बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और जन समस्याओं की अनदेखी का मुद्दा उठाते हुए कहा कि सरकार जनता की समस्याओं से पूरी तरह बेखबर है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जो सड़कों पर उतरकर जनता की आवाज को मजबूती से उठाने का काम कर रही है।

इस मौके पर पूर्व जिलाध्यक्ष दिनेश शर्मा, अजय चौधरी, वरिष्ठ नेता फिरे सिंह नागर, ओमबीर यादव, विशाल वशिष्ठ, विवेक त्यागी, आलोक गौड़, लियाकत चौधरी, विक्रम चौधरी, दयाशंकर पांडेय, शहाबुद्दीन, डॉ सीमा, मधुराज, वीरों देवी, डॉ संजीव शर्मा, अशोक पंडित, जयचंद चौधरी, एसएस सिसोदिया, इंद्रजीत तिवारी, सुनील शर्मा, रंजन शर्मा, रामकुमार शर्मा, कैप्टन पीएस रावत, वसीम, भगवती शर्मा सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

पूरे घटनाक्रम ने नोएडा में राजनीतिक माहौल को गर्मा दिया है और विपक्ष व सत्तापक्ष के बीच टकराव एक बार फिर खुलकर सामने आया है।।