गौतमबुद्धनगर: ग्रेटर नोएडा में फार्म हाउस पर ‘साइलेंट डकैती’—ताला तोड़कर सोलर सिस्टम तक ले उड़े चोर, लाखों का नुकसान!!
दो टूक// ग्रेटर नोएडा के दनकौर क्षेत्र में चोरों ने एक सुनसान फार्म हाउस को निशाना बनाते हुए बड़ी वारदात को अंजाम दिया। ताला तोड़कर अंदर घुसे बदमाश सोलर सिस्टम समेत लाखों रुपये का कीमती सामान समेटकर फरार हो गए। घटना का खुलासा तब हुआ जब फार्म हाउस मालिक मौके पर पहुंचे। सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और जांच शुरू कर दी है।
महीने में एक-दो बार आते थे मालिक, सूनेपन का उठाया फायदा
दनकौर कोतवाली क्षेत्र के सुहेड़ी मोमदीनपुर गांव स्थित फार्म हाउस के मालिक राजवीर मलिक ने बताया कि वह यहां महीने में सिर्फ एक-दो बार ही आते हैं। इसी बात का फायदा उठाकर चोरों ने पूरी योजना के साथ वारदात को अंजाम दिया। शुक्रवार को जब वह फार्म हाउस पहुंचे तो मुख्य गेट का ताला टूटा मिला और अंदर का सारा सामान गायब था।
रेकी के बाद वारदात की आशंका, सोलर सिस्टम भी नहीं छोड़ा
पीड़ित के मुताबिक, चोर सिर्फ सामान्य सामान ही नहीं बल्कि वहां लगा महंगा सोलर सिस्टम भी उखाड़कर ले गए। इससे साफ है कि बदमाशों ने पहले से ही जगह की रेकी की थी और उन्हें पता था कि फार्म हाउस लंबे समय तक खाली रहता है। चोरी गए सामान की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
पुलिस ने खंगालना शुरू किया CCTV, संदिग्धों की तलाश तेज
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ की। फिलहाल किसी संदिग्ध का सुराग नहीं मिला है, लेकिन पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामला दर्ज कर लिया गया है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का दावा किया जा रहा है।
सुनसान फार्म हाउस बन रहे ‘सॉफ्ट टारगेट’
स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में लगातार इस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं, जहां खाली पड़े फार्म हाउस चोरों के लिए आसान निशाना बनते जा रहे हैं। सुरक्षा व्यवस्था की कमी और नियमित निगरानी न होने से बदमाश बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अपने फार्म हाउस या खाली मकानों की सुरक्षा के लिए अतिरिक्त इंतजाम करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।।
