नई दिल्ली में गुर्जर समाज की एकजुटता का शक्ति प्रदर्शन, युवा नेतृत्व को मिली नई दिशा!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
कांस्टीट्यूशन क्लब में अखिल भारतीय गुर्जर महासभा की राष्ट्रीय बैठक व भव्य अभिनंदन समारोह संपन्न, सुंदर चौधरी बने युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष
दो टूक//नई दिल्ली। राजधानी के प्रतिष्ठित कांस्टीट्यूशन क्लब में अखिल भारतीय गुर्जर महासभा द्वारा आयोजित युवा राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक एवं भव्य अभिनंदन समारोह पूरे उत्साह और गरिमा के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम ने न केवल संगठनात्मक मजबूती का संदेश दिया, बल्कि समाज में युवा नेतृत्व को आगे बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम भी साबित हुआ।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री हरिश्चंद्र भाटी ने की, जबकि कुशल संचालन प्रेम कृष्ण आर्य द्वारा किया गया। समारोह का शुभारंभ भगवान देवनारायण जी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ हुआ, जिसने पूरे आयोजन को आध्यात्मिक और सांस्कृतिक ऊर्जा से भर दिया।
इस अवसर पर महासभा के वरिष्ठ पदाधिकारियों और समाज के गणमान्य व्यक्तियों का भव्य स्वागत किया गया। संरक्षक डॉ. यशवीर सिंह, जिलेराम कपासिया, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सविंदर भाटी, के.पी. सिंह कसाना, जयप्रकाश विकल, इंद्राज बिधूड़ी, रामकेश चपराना, बाबू सिंह आर्य, सुनील भाटी एवं गौतम बुद्ध नगर के जिला अध्यक्ष अशोक भाटी सहित अनेक विशिष्ट अतिथियों को पुष्पमालाएं, पटका, शॉल और मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाजसेवियों, बुद्धिजीवियों और युवाओं की भागीदारी देखने को मिली। अलका गुर्जर, रेनू चौधरी, संजय सिन्हा, गुरदास महाराज, दिवाकर विधूड़ी, डॉ. लाल बहार, महंत वैभव शर्मा, जगबीर भाटी, अरुण भाटी, अरुण नागर, सिंहराज गुर्जर, विपिन तंवर, दीपक भाटी, धर्मेंद्र भगतजी, राहुल चौधरी सहित कई लोगों ने समाज के उत्थान और संगठन की मजबूती पर अपने विचार रखे।
राष्ट्रीय अध्यक्ष हरिश्चंद्र भाटी ने अपने संबोधन में महासभा की नई वेबसाइट लॉन्च किए जाने की जानकारी देते हुए कहा कि यह मंच देश-विदेश में फैले समाज के लोगों को एकजुट करने का सशक्त माध्यम बनेगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि महासभा आने वाले समय में उत्तर भारत के ग्रामीण क्षेत्रों और विभिन्न राज्यों की राजधानियों में सम्मेलन आयोजित कर समाज की राजनीतिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए ठोस रणनीति तैयार करेगी।
डॉ. यशवीर सिंह ने युवाओं को दिखाया मार्गदर्शन का रास्ता
महासभा के संरक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने अपने ओजस्वी और प्रेरणादायी संबोधन में गुर्जर समाज के गौरवशाली इतिहास को विस्तार से रेखांकित किया। उन्होंने गुर्जर सम्राट मिहिर भोज, सरदार वल्लभभाई पटेल, विजय सिंह पथिक और कोतवाल धनसिंह गुर्जर जैसे महापुरुषों के अद्वितीय योगदान को याद करते हुए कहा कि इन महान विभूतियों के आदर्श आज भी समाज के लिए प्रेरणा स्रोत हैं।
डॉ. सिंह ने युवाओं का आह्वान किया कि वे शिक्षा, संगठन और सामाजिक जिम्मेदारी को प्राथमिकता देते हुए समाज को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का संकल्प लें। उनके विचारों ने उपस्थित युवाओं में जोश और सकारात्मक ऊर्जा का संचार किया।
अशोक भाटी की सक्रिय भूमिका और संगठन को मजबूती देने का संकल्प
गौतम बुद्ध नगर के जिला अध्यक्ष अशोक भाटी की इस आयोजन में महत्वपूर्ण और सक्रिय भूमिका रही। उन्होंने न केवल कार्यक्रम के सफल संचालन में योगदान दिया, बल्कि संगठन के विस्तार और जमीनी स्तर पर समाज को जोड़ने के लिए अपने प्रयासों का भी उल्लेख किया।
अशोक भाटी ने जानकारी दी कि आगामी 9 और 10 मई 2026 को राष्ट्रीय एवं प्रदेश कार्यसमिति के विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिनमें महासभा के भविष्य की योजनाओं, सामाजिक उत्थान के कार्यक्रमों और युवाओं की भागीदारी को लेकर विस्तृत रणनीति बनाई जाएगी। उन्होंने विश्वास जताया कि इन बैठकों से संगठन को नई दिशा और गति मिलेगी।
सुंदर चौधरी को सौंपी गई युवा नेतृत्व की कमान
कार्यक्रम के दौरान हरियाणा के महेंद्रगढ़ निवासी सुंदर चौधरी को युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष घोषित किया गया और उन्हें विधिवत शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर उन्होंने संगठन के प्रति पूर्ण समर्पण और अधिक से अधिक युवाओं को महासभा से जोड़ने का संकल्प लिया।
समारोह ने यह स्पष्ट संदेश दिया कि गुर्जर समाज अब संगठित होकर अपने सामाजिक, शैक्षणिक और राजनीतिक अधिकारों के प्रति सजग है। युवा नेतृत्व को आगे बढ़ाने और समाज को नई दिशा देने के इस प्रयास को व्यापक समर्थन मिल रहा है, जो आने वाले समय में बड़े बदलाव की भूमिका तैयार कर सकता है।।
