गौतमबुद्धनगर: यमुना एक्सप्रेसवे टोल पर दबंगई: कर्मचारियों से मारपीट व धमकी देने वाले दो आरोपी गिरफ्तार!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
गौतमबुद्धनगर, 23 अप्रैल 2026।
दो टूक// ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे के टोल प्लाजा पर कर्मचारियों के साथ मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के मामले में थाना दनकौर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त कार भी बरामद कर ली है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 22 अप्रैल 2026 को जेवर टोल प्लाजा (यमुना एक्सप्रेसवे) के सहायक प्रबंधक ने थाना दनकौर में तहरीर देकर शिकायत दर्ज कराई थी कि 21 अप्रैल को कुछ अज्ञात लोग रैप टोल बूथ पर पहुंचे और वहां तैनात कर्मचारियों के साथ अभद्रता करते हुए गाली-गलौज और मारपीट की। इतना ही नहीं, आरोपियों ने टोल कर्मियों को जान से मारने की धमकी भी दी। इस गंभीर मामले को संज्ञान में लेते हुए पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की जांच के दौरान थाना दनकौर पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस की मदद से 23 अप्रैल को चपरगढ़ टोल के पास से दो आरोपियों—आजाद खान और सलमान—को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपी रबूपुरा क्षेत्र के लक्ष्मीबाईनगर के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस ने उनके पास से घटना में प्रयुक्त कार (रजिस्ट्रेशन नंबर UP16DZ3007) भी बरामद कर उसे सीज कर दिया है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ थाना दनकौर में मु0अ0सं0 93/26 के तहत धारा 115(2), 351(3) और 352 बीएनएस में मामला दर्ज है। फिलहाल दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और मामले में अन्य संभावित आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और इस तरह की घटनाओं को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।।
