मंगलवार, 21 अप्रैल 2026

गौतमबुद्धनगर: ईएसआईसी अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं पर सख्त हुई प्रशासनिक निगरानी, डीएम का औचक निरीक्षण—दवाओं, डॉक्टरों और सुविधाओं पर दिए कड़े निर्देश!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: ईएसआईसी अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं पर सख्त हुई प्रशासनिक निगरानी, डीएम का औचक निरीक्षण—दवाओं, डॉक्टरों और सुविधाओं पर दिए कड़े निर्देश!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक// गौतमबुद्धनगर, 20 अप्रैल 2026, जनपद के श्रमिकों को बेहतर, सुलभ और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने को लेकर जिला प्रशासन अब पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है। इसी क्रम में जिलाधिकारी ने सेक्टर-24 स्थित ईएसआईसी अस्पताल का औचक निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मरीजों को किसी भी प्रकार की असुविधा बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अस्पताल प्रशासन और चिकित्सकों के साथ बैठक कर श्रमिकों को दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने उपचार की गुणवत्ता, दवाओं की उपलब्धता, चिकित्सकीय स्टाफ की स्थिति, समयबद्ध इलाज और आपातकालीन सेवाओं की कार्यप्रणाली पर विशेष जोर देते हुए कहा कि सभी व्यवस्थाएं प्रभावी और पारदर्शी ढंग से संचालित होनी चाहिए।

इसके बाद जिलाधिकारी ने अस्पताल के विभिन्न विभागों—ओपीडी, इमरजेंसी वार्ड, दवा वितरण केंद्र, लैब और कैंटीन—का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मरीजों से सीधे संवाद कर फीडबैक भी लिया, जिससे जमीनी हकीकत का आकलन किया जा सके।

डीएम ने स्पष्ट कहा कि श्रमिकों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं देना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने डॉक्टरों की नियमित उपलब्धता, चिकित्सा उपकरणों की कार्यशीलता और दवाओं की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही कैंटीन में मरीजों को मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता और पैकेज्ड फूड की एक्सपायरी डेट की नियमित जांच के लिए भी सख्त हिदायत दी।

उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही या उदासीनता सामने आती है तो संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी तरह की कमी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नरेंद्र कुमार, ईएसआईसी निदेशक हरमन कौर, एसीएमओ चंदन सोनी सहित अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक और अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे।।