गौतमबुद्धनगर में नशे के खिलाफ सख्ती तेज, डीएम की अध्यक्षता में नार्को कोऑर्डिनेशन सेंटर की अहम बैठक!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक//गौतमबुद्धनगर, 20 अप्रैल 2026।
जनपद में अवैध नशे के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में नार्को कोऑर्डिनेशन सेंटर (NCORD) की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा बीते माह में की गई प्रवर्तन कार्रवाई की विस्तृत समीक्षा करते हुए आगे की रणनीति तय की गई।
बैठक के दौरान समाज कल्याण विभाग, एनसीबी, जीएसटी, आबकारी विभाग, पुलिस तथा अन्य संबंधित एजेंसियों ने अपने-अपने स्तर पर की गई कार्रवाई, छापेमारी और नियंत्रण उपायों की जानकारी जिलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत की। अधिकारियों ने अवैध नशे के स्रोतों को चिन्हित कर उनके खिलाफ चलाए गए अभियानों का ब्यौरा भी दिया।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि अवैध नशे के कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ निरंतर और प्रभावी कार्रवाई करें। उन्होंने कहा कि नशे के इस नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के लिए मजबूत सूचना तंत्र, सतत निगरानी और संयुक्त अभियान बेहद जरूरी हैं।
उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि जनपद में व्यापक जागरूकता अभियान चलाकर युवाओं और आम नागरिकों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति सचेत किया जाए। जिलाधिकारी ने दो टूक कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक में जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार, एसीपी कल्पना गुप्ता, जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. राजेश कुमार, जिला समाज कल्याण अधिकारी सतीश कुमार, ड्रग इंस्पेक्टर जय सिंह, एनसीबी से नरेंद्र खारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।।
