गौतमबुद्धनगर: नोएडा पुलिस में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: सेंट्रल जोन के डीसीपी और एसीपी बदले, हिंसा के बाद उठाया गया कदम!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक//नोएडा। पुलिस कमिश्नरेट में एक अहम प्रशासनिक बदलाव करते हुए पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह ने सेंट्रल नोएडा जोन के शीर्ष अधिकारियों में फेरबदल किया है। इस बदलाव के तहत डीसीपी और एसीपी प्रथम दोनों पदों पर नए अधिकारियों की तैनाती की गई है।
जारी आदेश के मुताबिक, डीसीपी सेंट्रल नोएडा के पद पर तैनात शैव्या गोयल को हटाकर उनकी जगह शैलेन्द्र सिंह को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं एसीपी प्रथम के पद पर तैनात उमेश यादव की जगह अब दीक्षा सिंह को नियुक्त किया गया है।
हिंसा के बाद लिया गया फैसला
यह फेरबदल ऐसे समय में किया गया है जब हाल ही में सेंट्रल नोएडा जोन के फेज-2 थाना क्षेत्र में कामगारों का प्रदर्शन उग्र हो गया था। प्रदर्शन के दौरान हालात बिगड़ने पर हिंसा की स्थिति उत्पन्न हो गई थी, जिससे कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े हुए थे।
हालांकि, आधिकारिक तौर पर इस तबादले को प्रशासनिक आवश्यकता बताया जा रहा है, लेकिन इसे हालिया घटनाओं से जोड़कर भी देखा जा रहा है।
कानून-व्यवस्था मजबूत करने पर फोकस
सूत्रों के अनुसार, नए अधिकारियों को क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने, औद्योगिक क्षेत्रों में शांति बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था से सख्ती से निपटने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस कमिश्नरेट का यह कदम संकेत देता है कि प्रशासन अब संवेदनशील इलाकों में किसी भी तरह की लापरवाही के मूड में नहीं है और व्यवस्था बनाए रखने के लिए कड़े फैसले लेने से पीछे नहीं हटेगा।।
