गौतमबुद्धनगर:अग्निशमन सेवा सप्ताह में बड़ा जागरूकता अभियान: 49 भवनों में मॉक ड्रिल, 8300 लोगों को मिला फायर सेफ्टी प्रशिक्षण!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक//गौतमबुद्धनगर।
पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर के नेतृत्व में अग्निशमन एवं आपात सेवाओं द्वारा आयोजित अग्निशमन सेवा सप्ताह के तहत जिले में व्यापक स्तर पर फायर सेफ्टी जागरूकता अभियान चलाया गया। यह अभियान 14 अप्रैल 2026 से 19 अप्रैल 2026 तक संचालित किया गया, जिसमें कुल 49 विभिन्न भवनों में निकासी (Evacuation) और मॉक ड्रिल का सफल आयोजन किया गया।
पुलिस कमिश्नर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशन एवं मुख्य अग्निशमन अधिकारी के नेतृत्व में चले इस अभियान में आवासीय, व्यावसायिक और संस्थागत परिसरों को शामिल किया गया। इसका उद्देश्य समाज के हर वर्ग तक अग्नि सुरक्षा का संदेश पहुंचाना रहा। अभियान के दौरान करीब 8300 लोगों ने सक्रिय रूप से भाग लिया और आपातकालीन स्थितियों से निपटने का प्रशिक्षण प्राप्त किया।
अभियान के दौरान अग्निशमन विभाग की टीमों ने लोगों को आग लगने की स्थिति में अपनाए जाने वाले जरूरी उपायों की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही फायर एक्सटिंग्विशर, फायर हाइड्रेंट, होज़ रील और फायर बकेट जैसे प्राथमिक उपकरणों के सही उपयोग का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया। लाइव डेमोंस्ट्रेशन के माध्यम से प्रतिभागियों को यह सिखाया गया कि आपातकालीन हालात में घबराने के बजाय कैसे समझदारी और सतर्कता से काम लिया जाए।
अधिकारियों ने बताया कि इस तरह के मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य आमजन में जागरूकता बढ़ाना, सामुदायिक भागीदारी को मजबूत करना और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित एवं अनुशासित प्रतिक्रिया की क्षमता विकसित करना है। यदि नागरिक शुरुआती स्तर पर ही अग्नि सुरक्षा के उपायों को समझ लें, तो कई बड़ी घटनाओं को रोका जा सकता है।
अग्निशमन विभाग ने लोगों को आग लगने की स्थिति में “क्या करें और क्या न करें” के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी। लोगों को सलाह दी गई कि आपात स्थिति में घबराएं नहीं, तुरंत 101 या 112 पर सूचना दें, धुएं से बचाव के लिए झुककर चलें और लिफ्ट का प्रयोग करने से बचें। वहीं, आग लगने पर सामान लेने के लिए वापस न जाने और निकासी के दौरान धक्का-मुक्की से बचने की भी हिदायत दी गई।
विभाग के अनुसार, यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और आगामी दिनों में जिले के अन्य भवनों में भी इस तरह के मॉक ड्रिल और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि फायर सेफ्टी का संदेश जनपद के हर कोने तक पहुंच सके।।
