शुक्रवार, 10 अप्रैल 2026

गौतमबुद्धनगर: जरूरतमंदों को मुफ्त इलाज और शिक्षा दिलाने की पहल तेज, लोक मंच ने विधायक के सामने रखीं अहम मांगें!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: जरूरतमंदों को मुफ्त इलाज और शिक्षा दिलाने की पहल तेज, लोक मंच ने विधायक के सामने रखीं अहम मांगें!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा, शुक्रवार।
नोएडा, सामाजिक सरोकारों को मजबूती देने और जरूरतमंद लोगों तक मुफ्त इलाज व शिक्षा की सुविधाएं पहुंचाने के उद्देश्य से नोएडा लोक मंच की एक महत्वपूर्ण बैठक सेक्टर-15 स्थित नोएडा पब्लिक लाइब्रेरी में आयोजित की गई। इस बैठक में विधायक पंकज सिंह, नोएडा प्राधिकरण के अधिकारी इंदु प्रकाश, जीएम आरपी सिंह समेत शहर के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

बैठक के दौरान लोक मंच के महासचिव महेश सक्सेना ने संगठन की विभिन्न जनकल्याणकारी गतिविधियों का विस्तृत प्रस्तुतीकरण करते हुए विधायक के समक्ष कई अहम मांगें रखीं। उन्होंने लोक मंच द्वारा संचालित सेक्टर-15 स्थित पुस्तकालय, सेक्टर-94 स्थित अंतिम निवास और सेक्टर-12 स्थित दवा बैंक की कार्यप्रणाली और उनके सामाजिक महत्व पर प्रकाश डाला। साथ ही इन केंद्रों को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की।

महेश सक्सेना ने विशेष रूप से दवा बैंक के माध्यम से जरूरतमंदों को मुफ्त दवाएं उपलब्ध कराने की पहल को और मजबूत करने पर जोर दिया। इस पर विधायक पंकज सिंह ने सहमति जताते हुए कहा कि इससे पहले भी प्राधिकरण के अधिकारी इंदु प्रकाश इस दवा बैंक की सराहना कर चुके हैं और यह पहल वास्तव में गरीब व जरूरतमंद लोगों के लिए राहत का काम कर रही है।

बैठक में पुस्तकालय से जुड़े लंबित सिविल कार्यों को जल्द पूरा कराने, बिजली का भार बढ़ाने, भवन की मरम्मत कराने और पुस्तक दान को बढ़ावा देने जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। वहीं, दवा बैंक के लिए लीज अवधि बढ़ाने और साफ-सफाई व सैनेट्री व्यवस्था के लिए स्थायी कर्मचारी की व्यवस्था करने की मांग भी प्रमुख रूप से उठाई गई।

इसके अलावा सेक्टर-94 स्थित अंतिम निवास में टूटे गेट के पुनर्निर्माण और पूरे परिसर के विकास कार्यों को शीघ्र पूरा कराने पर भी जोर दिया गया। इन सभी मांगों पर विधायक पंकज सिंह ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों को आवश्यक कार्यों में पूरा सहयोग देने के निर्देश दिए। उन्होंने आश्वासन दिया कि जनहित से जुड़े इन सभी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा कराया जाएगा।

विधायक ने नोएडा लोक मंच की सामाजिक पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के प्रयास समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में अहम भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम का संचालन समाजसेविका राजेश्वरी त्यागराजन ने किया। इस अवसर पर डॉ. रामशरण गौड़, प्रख्यात कवि विनोद पांडे, फोनरवा कोषाध्यक्ष पवन यादव, कुशाग्र अवस्थी, प्रदीप वोहरा, दीपाली, गिरजा सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।