शुक्रवार, 10 अप्रैल 2026

वृंदावन में दर्दनाक हादसा: यमुना में पलटी नाव, 32 श्रद्धालु डूबे — 9 की मौत, कई लापता!!

शेयर करें:

वृंदावन में दर्दनाक हादसा: यमुना में पलटी नाव, 32 श्रद्धालु डूबे — 9 की मौत, कई लापता!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//मथुरा/वृंदावन। उत्तर प्रदेश के पवित्र धार्मिक नगरी वृंदावन में शुक्रवार को एक बड़ा और दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है। यमुना नदी में श्रद्धालुओं से भरी मोटर बोट पलटने से हड़कंप मच गया। हादसे में अब तक 9 श्रद्धालुओं के शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि कई लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं।

जानकारी के मुताबिक, पंजाब के मोंगा, लुधियाना और मुक्तसर साहिब से आए करीब 150 श्रद्धालुओं का जत्था शुक्रवार सुबह वृंदावन पहुंचा था। सभी श्रद्धालुओं ने सुबह निधिवन में दर्शन किए, जिसके बाद वे यमुना में नौकायन के लिए केशीघाट पहुंचे। यहां से 32 श्रद्धालु एक मोटर बोट में सवार होकर यमुना नदी में घूमने निकले।

बताया जा रहा है कि मांट थाना क्षेत्र में बने पैंटून पुल के पास अचानक नाव का संतुलन बिगड़ गया और वह पुल से टकराकर पलट गई। देखते ही देखते नाव में सवार सभी श्रद्धालु नदी में गिर गए, जिससे मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं और तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया। गोताखोरों की मदद से अब तक 9 शवों को बाहर निकाला जा चुका है, जबकि करीब 10 श्रद्धालुओं को सुरक्षित बचा लिया गया है। शेष लोगों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है।

घटनास्थल पर कई एंबुलेंस तैनात की गई हैं और घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया जा रहा है। प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद रहकर राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी कर रहे हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार नाव में क्षमता से अधिक लोग सवार थे, जिससे हादसे की आशंका और बढ़ गई।

CM योगी ने लिया संज्ञान, PM मोदी ने जताया गहरा दुख

घटना की गंभीरता को देखते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तुरंत संज्ञान लिया और अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी शोक संवेदना व्यक्त करते हुए हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।

केशीघाट पर भारी भीड़ को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और वरिष्ठ अधिकारी लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं।

वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर लिखा कि, “मथुरा में नाव पलटने की दुर्घटना से अत्यंत दुख हुआ है। जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।”

प्रधानमंत्री ने कहा कि स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों की हर संभव सहायता कर रहा है और राहत कार्य तेजी से जारी है।

इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। श्रद्धालुओं के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं प्रशासन लापता लोगों की तलाश में हर संभव प्रयास कर रहा है।।