गौतमबुद्धनगर: स्टारडम का जलवा: गौर सिटी मॉल में अक्षय कुमार-राजपाल यादव का भव्य स्वागत, उमड़ी हजारों की भीड़!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक//ग्रेटर नोएडा वेस्ट के गौर सिटी मॉल में शुक्रवार को उस समय जबरदस्त उत्साह का माहौल देखने को मिला, जब बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता अक्षय कुमार अपनी आगामी फिल्म “भूत बंगला” के प्रमोशन के लिए पहुंचे। उनके साथ फिल्म के लोकप्रिय अभिनेता राजपाल यादव भी मौजूद रहे। दोनों सितारों की एक झलक पाने के लिए मॉल में हजारों की संख्या में फैंस उमड़ पड़े।
कार्यक्रम के दौरान मॉल परिसर में जबरदस्त भीड़ देखने को मिली, जिससे पूरे इलाके में उत्सव जैसा माहौल बन गया। इस खास मौके पर कार्यक्रम के आयोजकों द्वारा अभिनेता अक्षय कुमार और राजपाल यादव का जोरदार स्वागत किया गया। डायरेक्टर मंजू गौर ने मंच पर दोनों कलाकारों का अभिनंदन करते हुए फिल्म के बारे में जानकारी साझा की।
मंच पर पहुंचते ही अक्षय कुमार ने हाथ जोड़कर दर्शकों का अभिवादन किया, जिसे देखकर मौजूद भीड़ ने तालियों और जयकारों से उनका स्वागत किया। वहीं, राजपाल यादव ने भी अपनी खास अंदाज में दर्शकों का मनोरंजन किया और माहौल को और भी जीवंत बना दिया।
भीड़ को नियंत्रित करने और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए मॉल में भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। पुलिस और सुरक्षा कर्मियों ने पूरे कार्यक्रम के दौरान सतर्कता बरतते हुए व्यवस्था को सुचारू बनाए रखा।
फिल्म “भूत बंगला” के प्रमोशन के तहत आयोजित इस कार्यक्रम ने ग्रेटर नोएडा वेस्ट में बॉलीवुड की चमक बिखेर दी और फैंस के लिए यह एक यादगार पल बन गया।
