गौतमबुद्धनगर: ऑपरेशन कन्विक्शन का असर: गौतमबुद्धनगर पुलिस की पैरवी से आरोपी को दो मामलों में सजा!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक// गौतमबुद्धनगर, 07 अप्रैल 2026
उत्तर प्रदेश पुलिस के “ऑपरेशन कन्विक्शन” अभियान के तहत पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर को एक महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई है। प्रभावी पैरवी और ठोस साक्ष्यों के आधार पर माननीय न्यायालय ने एक ही आरोपी को दो अलग-अलग मामलों में दोषी करार देते हुए सजा सुनाई है।
पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर के निर्देशन में मॉनिटरिंग सेल, थाना सेक्टर-24 पुलिस एवं अभियोजन इकाई की संयुक्त और सशक्त पैरवी के परिणामस्वरूप थाना सेक्टर-24 में पंजीकृत मुकदमा संख्या 529/2024 (धारा 303(2)/317(2) बीएनएस) में आरोपी अमन पटेल पुत्र श्रीकांत पटेल, निवासी ग्राम भगवन्तपुर, थाना इंदरगढ़, जनपद कन्नौज को दोषी पाया गया। न्यायालय ने आरोपी को 01 वर्ष 20 दिन के साधारण कारावास एवं 1,000 रुपये के अर्थदंड से दंडित किया है। अर्थदंड अदा न करने की स्थिति में आरोपी को 04 दिन का अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा।
इसी क्रम में थाना सेक्टर-24 में दर्ज एक अन्य मुकदमा संख्या 498/2024 (धारा 303(2)/317(2) बीएनएस) में भी न्यायालय ने आरोपी को दोषी ठहराते हुए समान सजा सुनाई है। इस प्रकार आरोपी को दोनों मामलों में न्यायिक दंड का सामना करना पड़ेगा।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, “ऑपरेशन कन्विक्शन” का मुख्य उद्देश्य अपराधियों को त्वरित सजा दिलाकर कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाना है। गौतमबुद्धनगर पुलिस इस अभियान के अंतर्गत लंबित मामलों की लगातार समीक्षा कर रही है और मजबूत साक्ष्य व प्रभावी पैरवी के जरिए अपराधियों को सजा दिलाने में सफलता हासिल कर रही है।
कमिश्नरेट पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई और न्यायालय में प्रभावी पैरवी आगे भी निरंतर जारी रहेगी, ताकि समाज में सुरक्षा और कानून के प्रति आमजन का विश्वास और अधिक मजबूत हो सके।।
