गुरुवार, 9 अप्रैल 2026

आजमगढ़ : दीदारगंज थाना में हुई पीस कमेटी की बैठक ,अम्बेडकर जयंती मनाए जाने को लेकर हुई चर्चा

शेयर करें:
 
  ।। सिद्धेश्वर पाण्डेय ।।
  दो टूक ,आजमगढ़ । आगामी 14 अप्रैल को मनाई जाने वाली डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार को दीदारगंज थाना परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थानाध्यक्ष जय प्रकाश यादव ने की, जिसमें क्षेत्र के गणमान्य लोगों, ग्राम प्रतिनिधियों एवं पुलिस अधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक को संबोधित करते हुए थानाध्यक्ष जय प्रकाश यादव ने कहा कि दीदारगंज थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों में कुल 45 स्थानों पर डॉ. अंबेडकर की मूर्तियां स्थापित हैं, जहां जयंती के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने सभी आयोजकों से अपील की कि वे कार्यक्रमों को आपसी भाईचारे और अनुशासन के साथ मनाएं, जिससे क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनी रहे।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि जयंती के अवसर पर निकाले जाने वाले जुलूसों की पूर्व सूचना पुलिस प्रशासन को अवश्य दें। जुलूस का मार्ग, समय और स्थान की जानकारी पहले से देने से सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जा सकेगी। साथ ही उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की समस्या या विवाद की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।
थानाध्यक्ष ने यह भी कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता है कि पर्व-त्योहार शांति और सद्भाव के साथ संपन्न हों। इसके लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क और तैयार है, लेकिन आमजन का सहयोग भी उतना ही आवश्यक है।
बैठक में वरिष्ठ उपनिरीक्षक रज्जन द्विवेदी, सुरेंद्र यादव, रमेश चंद्र यादव, लाल बहादुर यादव, गोलू यादव, सुनील सिंह राणा, छोटे लाल सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।