गौतमबुद्धनगर: महिला सशक्तिकरण की मिसाल: मिशन शक्ति 5.0 के तहत गौतमबुद्धनगर पुलिस ने साहसी महिलाओं को किया सम्मानित!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक//नोएडा। महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण को नई दिशा देने के उद्देश्य से चलाए जा रहे “मिशन शक्ति अभियान-5.0” (द्वितीय चरण) के अंतर्गत पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर द्वारा लगातार प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। इसी क्रम में गुरुवार को सेक्टर-108 स्थित पुलिस आयुक्त कार्यालय में एक भव्य एवं प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली महिलाओं एवं बालिकाओं को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम पुलिस कमिश्नर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में आयोजित हुआ, जिसमें अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था) डॉ. राजीव नारायण मिश्र मुख्य अतिथि तथा मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) श्री शिवकांत द्विवेदी विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे। वहीं, डीसीपी महिला सुरक्षा श्रीमती अनुकृति शर्मा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर डॉ. राजीव नारायण मिश्र ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण प्रदान करते हुए उन्हें आत्मनिर्भर और सशक्त बनाना है। उन्होंने कहा कि सम्मानित महिलाएं समाज की अन्य बेटियों के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं और उनके कार्य समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में अहम भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में बैंकिंग, मीडिया, शिक्षा, खेल, सामाजिक सेवा और स्वास्थ्य जैसे विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली कई महिलाओं को सम्मानित किया गया। इनमें एसबीआई मैनेजर शिल्पा देशवाल, डॉ. धन्य अन्ना कुरियन, पत्रकार मनीषा झा, आशनी डौर, नितिका झा, राष्ट्रीय स्तर की खिलाड़ी लक्ष्मी सिंह एवं प्रियांशी शुक्ला, प्रधानाध्यापक रश्मि त्रिपाठी, ‘लखपति दीदी’ योजना से जुड़ी पूनम व गीता, तथा विभिन्न एनजीओ और संस्थानों से जुड़ी कई अन्य प्रेरणादायक महिलाएं शामिल रहीं। इसके साथ ही पुलिस कमिश्नरेट में कार्यरत 38 महिला पुलिसकर्मियों को भी उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान “नन्हें परिंदे” संस्था की बालिकाओं द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम ने सभी का मन मोह लिया और उपस्थित अतिथियों ने उनकी प्रतिभा की सराहना की।
डीसीपी महिला सुरक्षा श्रीमती अनुकृति शर्मा ने मिशन शक्ति 5.0 के तहत किए जा रहे कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि कमिश्नरेट क्षेत्र में नए पिंक बूथों की स्थापना, सीसीटीवी कैमरों एवं स्ट्रीट लाइटों का विस्तार, “रन फॉर इम्पावरमेंट” और बाइक रैली जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से महिलाओं में जागरूकता बढ़ाई जा रही है। साथ ही, पुलिस टीम द्वारा थाना स्तर पर नियमित रूप से अभियान चलाकर महिलाओं और बालिकाओं को साइबर अपराध, सोशल मीडिया सुरक्षा, गुड टच-बैड टच, घरेलू हिंसा और बाल अधिकारों के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
कार्यक्रम में एसीपी महिला सुरक्षा श्रीमती दीक्षा सिंह, स्टाफ ऑफिसर श्रीमती ट्विंकल जैन सहित कई अधिकारी, सामाजिक संगठन और बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।
यह आयोजन न केवल महिलाओं के साहस और उपलब्धियों का सम्मान था, बल्कि समाज में महिला सशक्तिकरण के प्रति जागरूकता फैलाने की दिशा में एक मजबूत कदम भी साबित हुआ।।
