बुधवार, 22 अप्रैल 2026

गौतमबुद्धनगर: दादरी पुलिस की बड़ी सफलता: मुठभेड़ में लूट का वांछित अभियुक्त गिरफ्तार!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: दादरी पुलिस की बड़ी सफलता: मुठभेड़ में लूट का वांछित अभियुक्त गिरफ्तार!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//गौतमबुद्धनगर, 22 अप्रैल 2026।
ग्रेटर नोएडा थाना दादरी पुलिस ने एक महत्वपूर्ण कार्रवाई करते हुए लूट/छिनैती के मामले में वांछित चल रहे एक अभियुक्त को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में बड़ी सफलता माना जा रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दादरी पुलिस टीम आज दिनांक 22 अप्रैल 2026 को क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग एवं गश्त पर थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि लूट एवं छिनैती के एक मामले में वांछित अभियुक्त क्षेत्र में मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए नई बस्ती स्थित श्मशान घाट के पास घेराबंदी की।

पुलिस को देखकर अभियुक्त ने भागने का प्रयास किया, जिस दौरान मुठभेड़ की स्थिति उत्पन्न हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में अभियुक्त घायल हो गया, जिसके बाद उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। घायल अवस्था में अभियुक्त को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।

गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान शाकिर पुत्र राजू, निवासी कस्बा एवं थाना दादरी, गौतमबुद्धनगर के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ थाना दादरी में लूट/छिनैती से संबंधित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज है।

पुलिस के अनुसार, अभियुक्त के विरुद्ध मु0अ0सं0- 143/2026 के तहत धारा 281/352/309(6)/310(2)/317(3) बीएनएस एवं 4/25 आर्म्स एक्ट में अभियोग पंजीकृत है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में अपराध और अपराधियों के खिलाफ सख्त अभियान लगातार चलाया जा रहा है, और किसी भी सूरत में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।।