बुलंदशहर : चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश पड़ी भारी: युवक के दोनों पैर कटे, हालत गंभीर!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक// नोएडा, बुलंदशहर/सिकंदरपुर। चलती ट्रेन में चढ़ने की एक छोटी-सी लापरवाही ने एक युवक की जिंदगी हमेशा के लिए बदल दी। सिकंदरपुर रेलवे स्टेशन के पास हुए दर्दनाक हादसे में 35 वर्षीय युवक के दोनों पैर कट गए। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हाथरस जनपद के सासनी थाना क्षेत्र के कोमरी गांव निवासी सोनू नोएडा के एक होटल में नौकरी करता है। परिवार गांव में रहने के कारण वह समय-समय पर उनसे मिलने आता-जाता रहता था। मंगलवार शाम करीब 25 दिन बाद वह अपने घर लौट रहा था।
बताया जा रहा है कि सोनू दादरी रेलवे स्टेशन से दिल्ली-टूंडला ईएमयू पैसेंजर ट्रेन में सवार हुआ था। जब ट्रेन सिकंदरपुर रेलवे स्टेशन के पास कुछ देर के लिए रुकी, तो वह नीचे उतर गया। इसी बीच ट्रेन दोबारा चल पड़ी। जल्दबाजी में सोनू ने चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश की, लेकिन उसका संतुलन बिगड़ गया और पैर फिसलने से वह ट्रेन और ट्रैक के बीच आ गया।
इस भीषण हादसे में उसके दोनों पैर कट गए। मौके पर मौजूद यात्रियों ने तत्परता दिखाते हुए उसे तुरंत ट्रेन से दूर खींच लिया, जिससे उसकी जान बच सकी।
सूचना मिलते ही आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची और घायल युवक को एंबुलेंस के जरिए जटिया अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया।
आरपीएफ प्रभारी नंद लाल मीना ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि युवक चलती ट्रेन में चढ़ने के दौरान हादसे का शिकार हुआ है। फिलहाल उसका इलाज जारी है।
यह हादसा एक बार फिर साबित करता है कि चलती ट्रेन में चढ़ना या उतरना कितना खतरनाक हो सकता है। थोड़ी सी जल्दबाजी जिंदगीभर का दर्द बन सकती है।।
