बुधवार, 15 अप्रैल 2026

गौतमबुद्धनगर में हाई अलर्ट: पुलिस का फ्लैग मार्च, संवेदनशील इलाकों में बढ़ाई गई निगरानी!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर में हाई अलर्ट: पुलिस का फ्लैग मार्च, संवेदनशील इलाकों में बढ़ाई गई निगरानी!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//गौतमबुद्धनगर। जनपद में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर ने व्यापक स्तर पर सुरक्षा अभियान तेज कर दिया है। पुलिस कमिश्नर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशन एवं अपर पुलिस आयुक्त (कानून/व्यवस्था) डॉ. राजीव नारायण मिश्र के पर्यवेक्षण में बुधवार को जिले के विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस बल द्वारा फ्लैग मार्च और सघन फुट पेट्रोलिंग की गई।

दिनांक 15 अप्रैल 2026 को चलाए गए इस विशेष अभियान के तहत पुलिस अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रियता दिखाते हुए सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। पुलिस टीमों ने लगातार भ्रमणशील रहकर न केवल हालात का निरीक्षण किया, बल्कि स्थानीय लोगों से संवाद कर उन्हें सुरक्षा का भरोसा भी दिलाया। अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कानून-व्यवस्था भंग करने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस ने पीसीआर और पीआरवी वाहनों को लगातार सक्रिय रखने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके। इस दौरान आमजन में सुरक्षा की भावना को मजबूत करने के साथ ही असामाजिक तत्वों को सख्त संदेश दिया गया कि किसी भी प्रकार की अराजकता, हिंसा या अफवाह फैलाने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

थाना फेस-1 क्षेत्र में एडीसीपी नोएडा श्रीमती मनीषा सिंह ने स्थानीय पुलिस बल और दिल्ली पुलिस के अधिकारियों के साथ संयुक्त रूप से फुट पेट्रोलिंग की। उन्होंने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था का गहन निरीक्षण करते हुए नागरिकों से शांति बनाए रखने और पुलिस का सहयोग करने की अपील की।

पुलिस प्रशासन ने आम जनता से विशेष रूप से आग्रह किया है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाएं। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया है कि यदि कोई व्यक्ति शांति व्यवस्था को बाधित करने या भ्रामक सूचना फैलाने का प्रयास करता है, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर का यह कदम न केवल कानून-व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण है, बल्कि इससे आम नागरिकों में सुरक्षा और विश्वास का माहौल भी स्थापित हो रहा है।