शुक्रवार, 17 अप्रैल 2026

गौतमबुद्धनगर: नोएडा हिंसा में ‘विदेशी साजिश’ का खुलासा: पाकिस्तान से संचालित फर्जी सोशल मीडिया हैंडल ने भड़काया माहौल, पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह का बड़ा दावा!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: नोएडा हिंसा में ‘विदेशी साजिश’ का खुलासा: पाकिस्तान से संचालित फर्जी सोशल मीडिया हैंडल ने भड़काया माहौल, पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह का बड़ा दावा!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा, 16 अप्रैल। उत्तर प्रदेश के नोएडा में हाल ही में हुए श्रमिक आंदोलन और उससे उपजी हिंसा को लेकर चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। गौतमबुद्ध नगर की पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने दावा किया है कि इस पूरे घटनाक्रम के पीछे विदेशी साजिश के संकेत मिले हैं। जांच में सामने आया है कि पाकिस्तान से संचालित दो सोशल मीडिया हैंडल ने अफवाह फैलाकर माहौल को भड़काने का काम किया।

पुलिस के अनुसार, 13 अप्रैल को श्रमिकों के प्रदर्शन के दौरान स्थिति उस समय बिगड़ी जब कुछ असामाजिक तत्वों ने आंदोलन को हिंसक मोड़ दे दिया। हालांकि शुरुआती बवाल को पुलिस ने नियंत्रित कर लिया था, लेकिन इसके बाद सोशल मीडिया पर फैलाई गई भ्रामक सूचनाओं ने हालात को फिर से तनावपूर्ण बना दिया।

फर्जी ट्वीट से फैलाई गई हिंसा की चिंगारी

पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने बताया कि दो एक्स (पूर्व में ट्विटर) हैंडल लगातार झूठे ट्वीट कर रहे थे। इन ट्वीट्स में पुलिस फायरिंग में मजदूरों की मौत जैसी भ्रामक खबरें फैलाई गईं, जिससे वापस लौट रहे श्रमिकों में आक्रोश फैल गया और वे दोबारा भड़क उठे।

जांच के दौरान एक्स से प्राप्त तकनीकी जानकारी में यह पुष्टि हुई कि दोनों हैंडल पाकिस्तान से संचालित हो रहे थे। इनके आईपी एड्रेस और इंटरनेट कनेक्टिविटी भी पाकिस्तान की पाई गई है। इतना ही नहीं, ये अकाउंट अपनी पहचान छिपाने के लिए वीपीएन का इस्तेमाल कर रहे थे। इस मामले में थाना सेक्टर-20 में मुकदमा दर्ज कर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है।

दो दिनों से शांत है नोएडा का माहौल

पुलिस और प्रशासन की सतर्कता के चलते पिछले दो दिनों से नोएडा में स्थिति पूरी तरह शांतिपूर्ण बनी हुई है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विभिन्न क्षेत्रों में फ्लैग मार्च किया गया। औद्योगिक इकाइयों में कामकाज सामान्य हो चुका है और श्रमिक एक से तीन शिफ्टों में वापस काम पर लौट आए हैं।

सरकार के फैसलों से श्रमिकों में संतोष

पुलिस कमिश्नर ने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा गठित हाई लेवल कमेटी की सिफारिशों को स्वीकार करते हुए श्रमिकों के न्यूनतम वेतन में वृद्धि की गई है। इसके साथ ही एक वेज बोर्ड के गठन की घोषणा भी की गई है, जिससे श्रमिकों की मांगों को संबोधित किया जा सके।

इन फैसलों के बाद श्रमिकों में संतोष का माहौल है और वे खुशी-खुशी अपने कार्यस्थलों पर लौट रहे हैं। उद्योगों में उत्पादन भी धीरे-धीरे पटरी पर लौट रहा है।

अफवाहों से दूर रहने की अपील

पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने आम जनता और श्रमिकों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाह या भ्रामक जानकारी पर ध्यान न दें। उन्होंने कहा कि यदि कोई संदिग्ध सूचना या गतिविधि सामने आती है, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।

उन्होंने भरोसा दिलाया कि गौतमबुद्ध नगर एक शांतिप्रिय जिला है, जहां उद्योग और जनजीवन सामान्य रूप से चलते रहे हैं, और इसे बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है।।