गौतमबुद्धनगर: नोएडा में शातिर चोर गैंग का पर्दाफाश: सेक्टर-20 पुलिस ने 3 अभियुक्त दबोचे, 4 बाइक समेत भारी माल बरामद!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक//नोएडा। थाना सेक्टर-20 पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दोपहिया वाहन चोरी और बंद घरों में सेंधमारी करने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की 4 मोटरसाइकिलें, एक स्टेबलाइजर, नकदी समेत अन्य सामान बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 15 अप्रैल 2026 की रात सेक्टर-26 क्षेत्र में चेकिंग के दौरान तीनों अभियुक्तों—रवि, मोनू उर्फ विशाल उर्फ संजय उर्फ बंदर और इमरान—को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि वे पहले दिल्ली-एनसीआर से मोटरसाइकिलें चोरी करते थे और फिर उन्हीं वाहनों का इस्तेमाल कर बंद पड़े मकानों की रेकी कर चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे।
पुलिस ने बताया कि अभियुक्तों द्वारा चोरी की गई मोटरसाइकिलें दिल्ली के विभिन्न इलाकों से चुराई गई थीं। गिरोह लंबे समय से सक्रिय था और नोएडा समेत आसपास के क्षेत्रों में कई वारदातों को अंजाम दे चुका है।
इस मामले में थाना सेक्टर-20 में मुकदमा संख्या 125/2026 धारा 317(5) बीएनएस के तहत केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
भारी आपराधिक इतिहास वाले निकले आरोपी
गिरफ्तार तीनों अभियुक्त शातिर अपराधी हैं और इनके खिलाफ दर्जनों आपराधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं।
- रवि पर चोरी, लूट और शस्त्र अधिनियम के 20 से अधिक मामले दर्ज हैं।
- मोनू उर्फ बंदर का भी लंबा आपराधिक इतिहास है, जिसमें लूट, गैंगस्टर एक्ट और हथियारों से जुड़े कई गंभीर मामले शामिल हैं।
- इमरान के खिलाफ भी लूट, पोक्सो एक्ट सहित कई संगीन धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।
बरामदगी में क्या-क्या मिला
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से—
- 4 चोरी की मोटरसाइकिलें (दिल्ली व यूपी नंबर)
- 1 चोरी का स्टेबलाइजर
- आधार कार्ड व एटीएम कार्ड
- 5030 रुपये नकद
बरामद किए हैं।
पुलिस की सतर्कता से खुला बड़ा नेटवर्क
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह गिरोह बेहद शातिर तरीके से वारदातों को अंजाम देता था। पहले वाहन चोरी करना और फिर उन्हीं वाहनों से इलाके की रेकी कर घरों में चोरी करना इनकी कार्यशैली थी।
पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और चोरी के माल की खरीद-फरोख्त करने वाले नेटवर्क की भी तलाश में जुटी है।
पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की इस कार्रवाई से शहर में सक्रिय चोरी के गिरोहों पर बड़ा प्रहार माना जा रहा है।।
