गुरुवार, 9 अप्रैल 2026

गौतमबुद्धनगर: नोएडा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, भारी मात्रा में पिस्टल-तमंचे बरामद!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: नोएडा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, भारी मात्रा में पिस्टल-तमंचे बरामद!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की थाना फेस-1 पुलिस ने अवैध शस्त्रों की खरीद-फरोख्त और तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 05 पिस्टल और 06 देशी तमंचे बरामद किए हैं, जबकि एक बाल अपचारी को भी अभिरक्षा में लिया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 09 अप्रैल 2026 को थाना फेस-1 पुलिस टीम ने मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए गंदे नाले की पुलिया के पास से दोनों आरोपियों को धर दबोचा। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान अभिषेक (21 वर्ष) निवासी ग्राम सोरखा, सेक्टर-115 और समीर (20 वर्ष) निवासी सेक्टर-27, नोएडा के रूप में हुई है।

अवैध हथियारों से कमाते थे मोटा मुनाफा

पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे अवैध हथियार रखने और दिखाकर रौब जमाने के शौकीन हैं। साथ ही, मुनाफा कमाने के उद्देश्य से हथियारों की खरीद-फरोख्त करते थे। आरोपी अवैध पिस्टल को ₹40,000 से ₹45,000 में खरीदकर ₹65,000 से ₹75,000 तक में बेचते थे। वहीं देशी तमंचे ₹4,000 से ₹5,000 में खरीदकर लगभग ₹10,000 में बेचकर अच्छा खासा लाभ अर्जित करते थे।

सोशल मीडिया के जरिए करते थे डील

आरोपी ग्राहकों से संपर्क करने के लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम का इस्तेमाल करते थे। वे अपने परिचितों और अन्य युवकों को हथियार उपलब्ध कराने का झांसा देकर उनसे संपर्क साधते और फिर अवैध सौदा करते थे।

बरामदगी और मुकदमा दर्ज

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 05 पिस्टल (.32 बोर), 05 देशी तमंचे (.315 बोर) और 01 देशी तमंचा (.32 बोर) बरामद किया है। इस संबंध में थाना फेस-1 में मु0अ0सं0- 166/2026 धारा 3/9/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस की सतर्कता से टली बड़ी वारदात

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि समय रहते की गई इस कार्रवाई से क्षेत्र में संभावित बड़ी आपराधिक घटनाओं को रोका जा सका है। साथ ही पुलिस अब आरोपियों के नेटवर्क और अन्य सहयोगियों की तलाश में जुटी है।