अम्बेडकर नगर :
नवागत जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने संभाला कार्यभार।
नारी शक्ति से भ्रष्टाचार पर सख्त एक्शन का संकेत।।
।। ए के चतुर्वेदी।
दो टूक : भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) की 2016 बैच की अधिकारी ईशा प्रिया ने शनिवार को जनपद अम्बेडकरनगर की जिलाधिकारी के रूप में औपचारिक रूप से कार्यभार संभाल लिया। लखनऊ में पर्यटन विभाग की विशेष सचिव के पद से यहां आई ईशा प्रिया का कलेक्ट्रेट पहुंचते ही गॉर्ड ऑफ ऑनर से सम्मानित किया गया।मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला, अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) ज्योत्स्ना बंधु, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) रंजीत सिंह समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने पुष्प गुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। कार्यभार ग्रहण करने के बाद नवागत जिलाधिकारी ने अपने कक्ष में अधिकारियों से परिचय प्राप्त किया और जिले की वर्तमान स्थिति, प्रमुख योजनाओं तथा चुनौतियों की विस्तृत जानकारी ली।ईशा प्रिया ने कहा, “माननीय मुख्यमंत्री के निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन करते हुए पारदर्शी, जवाबदेह और जनकेंद्रित प्रशासन सुनिश्चित करना मेरी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।” उन्होंने कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ रखने, जन समस्याओं का त्वरित निस्तारण, राजस्व कार्यों में तेजी लाने और केंद्र-राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को पात्र लाभार्थियों तक समयबद्ध ढंग से पहुंचाने पर विशेष जोर दिया।लेकिन सबसे बड़ा सवाल यह है कि जिले में लंबे समय से चले आ रहे भ्रष्टाचार और अनियमितताओं को नई जिलाधिकारी कितनी मजबूती से खत्म कर पाएंगी?अम्बेडकरनगर में हाल के वर्षों में जल जीवन मिशन, स्वास्थ्य विभाग, जिला पंचायत, नगर पालिका और कई ग्राम पंचायतों में भ्रष्टाचार के आरोप बार-बार सामने आए हैं। ठेकेदारों के विरोध, सभासदों के धरने और स्थानीय स्तर पर शिकायतें आम बात बन गई थीं। अब आम जनता और स्थानीय जनप्रतिनिधि ईशा प्रिया से सख्त कार्रवाई की उम्मीद लगा रहे हैं।झारखंड की मूल निवासी और कोचिन यूनिवर्सिटी ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में स्नातक ईशा प्रिया की ईमानदार छवि को देखते हुए कई लोग मान रहे हैं कि वे पुरानी व्यवस्था में बैठी अनियमितताओं को सुधारने में सक्षम साबित हो सकती हैं।कार्यभार ग्रहण समारोह में मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला, अपर जिलाधिकारीगण, वरिष्ठ कोषाधिकारी, सभी उपजिलाधिकारी और विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि नई जिलाधिकारीअम्बेडकरनगर में भ्रष्टाचार की जड़ें उखाड़ने का चुनौतीपूर्ण कार्य कितना प्रभावी ढंग से कर पाती हैं। जनता उनकी हर कार्रवाई पर नजर रखे हुए है।
जनपद का कार्यभार संभालते ही नारी शक्ति उतरी मैदान में- -
जिलाधिकारी ईशा प्रिया व एसपी प्राची सिंह ने होमगार्ड भर्ती परीक्षा के परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर निष्पक्ष व शांतिपूर्ण परीक्षा के निर्देश दिए। उन्होंने एसओपी पालन, सघन चेकिंग, सीसीटीवी निगरानी सुनिश्चित करने के साथ ही भीषण गर्मी में पेयजल व अन्य मूलभूत सुविधाएं बनाए रखने को कहा।
