गौतमबुद्धनगर: नोएडा सेक्टर-82 में स्मार्ट मीटर और बिजली समस्याओं पर RWA का बड़ा कदम, मुख्य अभियंता से मिलकर सौंपा ज्ञापन!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक//नोएडा। सेक्टर-82 स्थित ईडब्ल्यूएस पॉकेट-7 में बिजली से जुड़ी लगातार बढ़ती समस्याओं को लेकर रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (RWA) ने अब सख्त रुख अपना लिया है। इसी क्रम में RWA अध्यक्ष राघवेंद्र दुबे के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने सेक्टर-16 स्थित विद्युत विभाग के कार्यालय में मुख्य अभियंता संजय जैन से मुलाकात कर विस्तृत शिकायत पत्र सौंपा।
मुलाकात के दौरान राघवेंद्र दुबे ने क्षेत्रवासियों की परेशानियों को विस्तार से रखते हुए बताया कि बिजली विभाग का हेल्पलाइन नंबर 1912 अक्सर व्यस्त रहता है या कॉल उठाने में लापरवाही बरती जाती है। कई बार शिकायत दर्ज कराने के बावजूद बिना समस्या का समाधान किए ही “निस्तारण” का फर्जी मैसेज भेज दिया जाता है, जिससे लोगों में भारी नाराजगी है।
उन्होंने स्मार्ट मीटर से जुड़ी गंभीर समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया। दुबे ने बताया कि कई मामलों में बैलेंस होने के बावजूद बिजली आपूर्ति काट दी जाती है, जिससे भीषण गर्मी में बच्चों और बुजुर्गों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा बिना सहमति के जबरन लगाए गए स्मार्ट मीटरों को हटाने या उपभोक्ताओं की सहमति लेने की मांग भी रखी गई।
RWA की ओर से यह भी आरोप लगाया गया कि कुछ मामलों में फर्जी मोबाइल नंबर डालकर स्मार्ट मीटर सक्रिय किए गए हैं, जो गंभीर अनियमितता है। ऐसे मामलों में संबंधित कंपनी के कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की गई। साथ ही सरकार के आदेशानुसार प्रीपेड मीटरों को उपभोक्ता की सहमति से पोस्टपेड में बदलने की भी मांग की गई।
क्षेत्र में तेजी से चल रहे मीटरों की शिकायत पर दुबे ने कहा कि जिन उपभोक्ताओं के बिल असामान्य रूप से अधिक आ रहे हैं, वहां चेक मीटर लगाए जाएं और खराब मीटरों को तुरंत बदला जाए। उन्होंने यह भी बताया कि कई कनेक्शनों में अभी तक मोबाइल नंबर अपडेट नहीं हुए हैं, जिससे उपभोक्ताओं को समय पर बिल नहीं मिल पा रहे हैं।
बिजली ढांचे की खामियों को उजागर करते हुए RWA ने बताया कि पॉकेट के अधिकांश हिस्सों में केबल अंडरग्राउंड हो चुकी है, लेकिन कुछ स्थानों पर बार-बार शिकायत के बावजूद यह कार्य अधूरा है। इसके अलावा जर्जर हो चुके बिजली के खंभों को तुरंत बदलने, ट्रांसफार्मरों के चारों ओर लगी टूटी जालियों को ठीक कर सुरक्षित करने की भी मांग उठाई गई, ताकि किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।
मुख्य अभियंता संजय जैन ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।
इस मौके पर RWA के सक्रिय सदस्य जयकरण चौधरी, मनोज गोयल और बबलू चौहान भी मौजूद रहे।
वहीं जयकरण चौधरी क्षेत्र की समस्याओं को लेकर हमेशा अग्रणी भूमिका में रहते हैं। वे लंबे समय से बिजली, पानी और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाते रहे हैं। स्थानीय लोगों के बीच उनकी पहचान एक जागरूक, सक्रिय और संघर्षशील सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में है, जो हर परिस्थिति में क्षेत्रवासियों के साथ खड़े नजर आते हैं।।
