गौतमबुद्धनगर: सेक्टर-63 में हाईटेंशन ड्रामा: मोबाइल टावर पर चढ़ी युवती, घंटों रेस्क्यू के बाद सुरक्षित उतारी गई!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक//नोएडा। शहर के सेक्टर-63 इलाके में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक 19 वर्षीय युवती अचानक मोबाइल टावर पर चढ़ गई। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही थाना सेक्टर-63 पुलिस और फायर विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवती काफी ऊंचाई पर चढ़ गई थी, जिससे किसी भी अनहोनी की आशंका बनी हुई थी। पुलिस और फायर विभाग के जवानों ने सूझबूझ और धैर्य का परिचय देते हुए युवती को समझाने की कोशिश की। करीब कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद फायर विभाग ने हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म की मदद से युवती को सुरक्षित नीचे उतार लिया।
पुलिस के मुताबिक, घटना 30 अप्रैल 2026 की है। युवती मूल रूप से महाराजगंज के चौक बाजार की रहने वाली है और पिछले करीब तीन वर्षों से नोएडा में रह रही थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वह पारिवारिक समस्याओं के चलते मानसिक तनाव में थी, जिसके कारण उसने यह कदम उठाया।
रेस्क्यू के बाद पुलिस टीम ने युवती से बेहद संवेदनशीलता और मानवीय दृष्टिकोण के साथ बातचीत की। साथ ही उसके परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। फिलहाल युवती की काउंसलिंग कराई जा रही है और उसकी स्थिति को ध्यान में रखते हुए आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
फायर विभाग और पुलिस की तत्परता के चलते एक बड़ा हादसा टल गया। इस घटना ने एक बार फिर यह दिखा दिया कि समय रहते की गई कार्रवाई किसी की जिंदगी बचा सकती है।।
