गौतमबुद्धनगर: अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस पर गौतमबुद्धनगर में हाई अलर्ट: ड्रोन-सीसीटीवी से निगरानी, 1600 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
नोएडा/ग्रेटर नोएडा।
दो टूक//अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस के मद्देनज़र पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर ने पूरे जिले में सुरक्षा व्यवस्था को अभूतपूर्व स्तर पर मजबूत कर दिया है। पुलिस कमिश्नर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक और सुदृढ़ इंतजाम किए गए हैं। शहर के प्रमुख स्थानों पर ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों के जरिए चौबीसों घंटे निगरानी रखी जा रही है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके।
कमिश्नरेट क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए जोनल-सेक्टर स्कीम लागू की गई है। इसके तहत पूरे क्षेत्र को 11 जोन और 49 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। नोएडा जोन को 4 जोन और 16 सेक्टर, सेंट्रल नोएडा को 3 जोन और 24 सेक्टर, जबकि ग्रेटर नोएडा को 4 जोन और 9 सेक्टरों में बांटा गया है। इस व्यवस्था से हर क्षेत्र में त्वरित प्रतिक्रिया और बेहतर निगरानी सुनिश्चित की जा सकेगी।
सुरक्षा प्रबंधन के तहत भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है। अन्य जनपदों से 6 एसपी रैंक के अधिकारी, 14 अपर पुलिस अधीक्षक, 30 क्षेत्राधिकारी, 65 निरीक्षक, 400 उपनिरीक्षक, 150 महिला उपनिरीक्षक, 900 आरक्षी/मुख्य आरक्षी और 200 महिला पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। इसके अलावा 10 कंपनी पीएसी भी सुरक्षा व्यवस्था में लगाई गई हैं। कमिश्नरेट के भीतर से भी डीसीपी, एडिशनल डीसीपी और एसीपी स्तर के अधिकारी लगातार निगरानी में जुटे हुए हैं।
महत्वपूर्ण औद्योगिक इकाइयों, बहुराष्ट्रीय कंपनियों, औद्योगिक क्षेत्रों, प्रमुख चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल की विशेष तैनाती की गई है। साथ ही मोबाइल पुलिस टीमें लगातार क्षेत्र में गश्त कर रही हैं, जिससे हर गतिविधि पर नजर रखी जा सके।
पुलिस द्वारा पब्लिक एड्रेस सिस्टम के माध्यम से आमजन को शासन के दिशा-निर्देशों की जानकारी भी दी जा रही है। करीब 50 से अधिक प्रमुख स्थानों पर ड्रोन निगरानी के साथ-साथ सीसीटीवी कैमरों का मजबूत नेटवर्क स्थापित किया गया है। कंट्रोल रूम में तैनात राजपत्रित अधिकारी लगातार सभी गतिविधियों पर नजर बनाए हुए हैं और किसी भी स्थिति में तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित कर रहे हैं।
श्रमिक संगठनों के संभावित धरना-प्रदर्शन को देखते हुए 30 अप्रैल 2026 से 8 मई 2026 तक भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता-2023 की धारा 163 लागू कर दी गई है। इसके तहत बिना अनुमति के किसी भी प्रकार के आयोजन पर प्रतिबंध रहेगा।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि इन सभी इंतजामों का उद्देश्य आमजन में सुरक्षा का विश्वास कायम करना और जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था को पूरी तरह बनाए रखना है।।
