बुधवार, 29 अप्रैल 2026

गौतमबुद्धनगर: नोएडा सेक्टर-48 रेड लाइट पर डबल हादसा: चलती कार बनी आग का गोला, स्कूटी सवार घायल, अफरा-तफरी में घंटों जाम!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: नोएडा सेक्टर-48 रेड लाइट पर डबल हादसा: चलती कार बनी आग का गोला, स्कूटी सवार घायल, अफरा-तफरी में घंटों जाम!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा। थाना सेक्टर-49 क्षेत्र के अंतर्गत सेक्टर-48 रेड लाइट पर बुधवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक चलती कार अचानक आग का गोला बन गई और इसी बीच एक अन्य वाहन ने स्कूटी सवार को टक्कर मार दी। एक ही स्थान पर हुए इस डबल हादसे से मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और ट्रैफिक पूरी तरह प्रभावित हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार में अचानक आग लगने के बाद चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत वाहन से कूदकर अपनी जान बचाई। देखते ही देखते कार धू-धू कर जलने लगी, जिससे आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। इसी दौरान रेड लाइट पर खड़े वाहनों के बीच एक अन्य वाहन ने स्कूटी सवार को टक्कर मार दी, जिससे वह घायल हो गया।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए तुरंत घायल स्कूटी सवार को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया और प्राथमिक सहायता उपलब्ध कराई। वहीं, आग लगने और सड़क पर अफरा-तफरी के चलते लंबा जाम लग गया, जिससे यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई।

सूचना मिलते ही थाना सेक्टर-49 पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित करने में जुट गई। साथ ही दमकल विभाग को भी तत्काल सूचना दी गई। फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

दमकल विभाग के अधिकारी ने बताया कि आग को पूरी तरह बुझा दिया गया है और इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है। हालांकि स्कूटी सवार को चोटें आई हैं, जिसे उपचार के लिए भेजा गया है।

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और ट्रैफिक को सामान्य करने के प्रयास किए जा रहे हैं।।