सोमवार, 13 अप्रैल 2026

हापुड़ में भीषण सड़क हादसा: बारातियों की बस ट्रक से टकराई, गाजियाबाद के एक ही परिवार के 6 लोगों की दर्दनाक मौत!!

शेयर करें:

हापुड़ में भीषण सड़क हादसा: बारातियों की बस ट्रक से टकराई, गाजियाबाद के एक ही परिवार के 6 लोगों की दर्दनाक मौत!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक:: नोएडा/गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में देर रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया, जिसमें गाजियाबाद के एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत हो गई। बारात से लौट रही बस की ट्रक से जोरदार टक्कर के बाद बस पलट गई, जिससे मौके पर ही कई लोगों की जान चली गई और कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। इस हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक और अफरा-तफरी का माहौल है।

देर रात हुआ हादसा, खुशी का माहौल मातम में बदला

पुलिस के अनुसार यह हादसा हापुड़ जनपद के धौलाना थाना क्षेत्र में देर रात करीब 2 बजे हुआ। गाजियाबाद के डासना निवासी यूनुस कुरैशी के बेटे की बारात बुलंदशहर के गुलावटी गई थी। शादी समारोह के बाद जब बारात वापस लौट रही थी, तभी धौलाना-गुलावटी मार्ग पर सामने से आ रहे एक ट्रक से बस की भीषण टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस अनियंत्रित होकर पलट गई।

दूल्हे के पिता समेत 6 की मौत

इस दर्दनाक हादसे में दूल्हे के पिता यूनुस कुरैशी, मुन्ना, युसूफ, अख्तर, सोनू और बस चालक अशोक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में 7 अन्य लोग घायल हुए हैं, जिनका इलाज नजदीकी अस्पताल में चल रहा है। घायलों की हालत पर डॉक्टर लगातार नजर बनाए हुए हैं।

प्रशासन मौके पर, राहत और बचाव कार्य जारी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक सहित कई वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल और अस्पताल पहुंचे तथा राहत कार्यों का जायजा लिया। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को सूचित कर दिया गया है।

मुख्यमंत्री ने लिया संज्ञान

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस हादसे का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को घायलों के समुचित और बेहतर इलाज के निर्देश दिए हैं। साथ ही उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।

ट्रैफिक बहाल, जांच जारी

हादसे के बाद मार्ग पर लंबा जाम लग गया था, जिसे पुलिस ने ट्रक और क्षतिग्रस्त बस को हटवाकर सामान्य कराया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

शादी वाले घर में पसरा मातम

जिस घर में खुशियों की शहनाइयां गूंज रही थीं, वहां अब मातम का सन्नाटा छा गया है। दूल्हे की बहन की बारात भी आने वाली थी, लेकिन पिता की असमय मौत ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। यह हादसा न सिर्फ एक परिवार, बल्कि पूरे इलाके के लिए गहरा दुख छोड़ गया है।।