सोमवार, 13 अप्रैल 2026

हापुड़ में शर्मनाक हरकत: जलती चिता से उपले निकालकर हुक्का पीते युवकों का वीडियो वायरल, एक गिरफ्तार!!

शेयर करें:

हापुड़ में शर्मनाक हरकत: जलती चिता से उपले निकालकर हुक्का पीते युवकों का वीडियो वायरल, एक गिरफ्तार!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक// हापुड़ के हाफिजपुर थाना क्षेत्र के महमूदपुर गांव से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां श्मशान घाट में जलती चिता से उपले निकालकर हुक्का पीने और उसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने की घटना ने पूरे इलाके में आक्रोश फैला दिया है। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य तीन की तलाश जारी है।

जानकारी के अनुसार, गांव निवासी 75 वर्षीय मुन्नी देवी का शुक्रवार को निधन हो गया था। अंतिम संस्कार की सभी विधियां पूरी करने के बाद परिजन और ग्रामीण श्मशान से लौट आए। आरोप है कि इसके कुछ देर बाद गांव के ही चार युवक—आरिफ़, अभिषेक, विनीत और मोईन—श्मशान घाट पहुंच गए।

वायरल वीडियो में देखा गया कि एक युवक जलती चिता से उपले निकालकर हुक्का/चिलम जलाता है, जबकि उसके साथी इस पूरी घटना का वीडियो बनाते हैं। बाद में इसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया। जैसे ही यह वीडियो सामने आया, गांव में भारी नाराजगी फैल गई और लोगों ने इसे धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाला कृत्य बताया।

मामले का संज्ञान लेते हुए पुलिस तुरंत हरकत में आई। हाफिजपुर थाना प्रभारी प्रवीन कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। क्षेत्राधिकारी (सीओ) अनीता चौहान ने बताया कि वीडियो में दिख रहे आरोपी अभिषेक को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसके पास से हुक्का भी बरामद किया गया है।

पुलिस के अनुसार, घटना में शामिल अन्य तीन आरोपी फिलहाल फरार हैं, जिनकी तलाश के लिए दबिश दी जा रही है। अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्रों में लोगों में गहरा रोष है। ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह की हरकत न केवल अमानवीय है, बल्कि सामाजिक और धार्मिक मर्यादाओं के खिलाफ भी है। वहीं पुलिस प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और मामले की निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया है।।