बुधवार, 29 अप्रैल 2026

गौतमबुद्धनगर: फ्लिपकार्ट स्टोर में अंदरूनी चोरी का खुलासा: कर्मचारी ही निकला चोर, 5 मोबाइल और स्मार्ट वॉच बरामद !!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: फ्लिपकार्ट स्टोर में अंदरूनी चोरी का खुलासा: कर्मचारी ही निकला चोर, 5 मोबाइल और स्मार्ट वॉच बरामद !!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

ग्रेटर नोएडा/बिसरख, 29 अप्रैल 2026।
दो टूक//थाना बिसरख पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए ई-कॉमर्स कंपनी फ्लिपकार्ट के स्टोर में हुई चोरी की घटना का खुलासा किया है। इस मामले में पुलिस ने कंपनी के ही एक कर्मचारी को गिरफ्तार किया है, जो स्टोर से कीमती मोबाइल फोन और स्मार्ट वॉच चोरी करने में लिप्त था।

पुलिस के अनुसार, दिनांक 29 अप्रैल 2026 को लोकल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से कार्रवाई करते हुए आरोपी मोहम्मद हसनत को सर्विस रोड, ग्राम इटेडा क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 5 मोबाइल फोन और 1 स्मार्ट वॉच बरामद की गई।

जांच में सामने आया कि आरोपी हसनत फ्लिपकार्ट के ग्राम इटेडा स्थित स्टोर में कार्यरत था। इसी दौरान उसने विश्वास का दुरुपयोग करते हुए स्टोर से कुल 7 महंगे मोबाइल फोन और एक स्मार्ट वॉच चोरी कर ली थी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अधिकांश सामान बरामद कर लिया है, जबकि शेष की तलाश जारी है।

अभियुक्त का विवरण:
मोहम्मद हसनत (22 वर्ष) पुत्र निशार अहमद, मूल निवासी ग्राम ककराला, थाना अलापुर, जिला बदायूं, वर्तमान में ग्राम रिछपालगढ़ी, थाना बिसरख, गौतमबुद्धनगर में रह रहा था।

बरामदगी:

  • 05 मोबाइल फोन
  • 01 स्मार्ट वॉच

इस संबंध में थाना बिसरख पर मु0अ0सं0 270/2026, धारा 306 बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।

पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की मीडिया सेल ने बताया कि इस तरह के मामलों में सख्ती बरती जा रही है और किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि में शामिल लोगों को बख्शा नहीं जाएगा।