गौतमबुद्धनगर: 09 मई को राष्ट्रीय लोक अदालत: अधिक से अधिक मामलों के निस्तारण के लिए प्रशासन अलर्ट, तैयारी बैठक संपन्न!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
गौतमबुद्धनगर, 29 अप्रैल 2026
दो टूक//जनपद गौतमबुद्धनगर में आगामी 09 मई को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशों के अनुपालन में माननीय जनपद न्यायाधीश, गौतमबुद्धनगर की अध्यक्षता में यह राष्ट्रीय लोक अदालत आयोजित की जाएगी। यह आयोजन मुख्यालय के साथ-साथ तहसील स्तर पर भी किया जाएगा, जिससे अधिक से अधिक लोगों को त्वरित न्याय का लाभ मिल सके।
बैठक की अध्यक्षता सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण शिवानी रावत ने की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अधिक से अधिक मामलों को चिन्हित कर लोक अदालत में प्रस्तुत किया जाए, ताकि लंबित वादों का शीघ्र और आपसी सहमति से निस्तारण हो सके। साथ ही चिन्हित मामलों में संबंधित पक्षकारों को समय से नोटिस एवं समन भेजने के निर्देश भी दिए गए।
शिवानी रावत ने यह भी स्पष्ट किया कि राष्ट्रीय लोक अदालत के व्यापक प्रचार-प्रसार पर विशेष जोर दिया जाए, ताकि आमजन अधिक से अधिक संख्या में इसका लाभ उठा सकें और न्यायिक प्रक्रिया को सरल एवं सुलभ बनाया जा सके।
बैठक में सहायक पुलिस उपायुक्त (यातायात) शकील मोहम्मद, जिला अग्रणी प्रबंधक राजेश कटारिया, बीएसएनएल के प्रशासनिक अधिकारी प्रमोद कुमार, राजस्व विभाग के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी अनुराग सारस्वत तथा एनपीसीएल के सीनियर मैनेजर अमित चौधरी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रशासन का मानना है कि राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से न केवल न्यायालयों में लंबित मामलों का बोझ कम होगा, बल्कि आपसी समझौते से विवादों का त्वरित समाधान भी सुनिश्चित किया जा सकेगा।
