बुधवार, 29 अप्रैल 2026

गौतमबुद्धनगर: 20 लाख के ज्वेलरी चोरी कांड का खुलासा: सेक्टर-20 पुलिस ने दो महिलाओं को दबोचा, कार सहित माल बरामद!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: 20 लाख के ज्वेलरी चोरी कांड का खुलासा: सेक्टर-20 पुलिस ने दो महिलाओं को दबोचा, कार सहित माल बरामद!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

नोएडा, 29 अप्रैल 2026।
दो टूक//थाना सेक्टर-20 पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए ज्वेलरी शोरूम में हुई लाखों रुपये की चोरी की घटना का पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से करीब 20 लाख रुपये के चोरी किए गए आभूषण तथा वारदात में प्रयुक्त कार भी बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, दिनांक 23 अप्रैल 2026 को मॉल ऑफ इंडिया स्थित कैराटलेन स्टोर के स्टोर मैनेजर द्वारा आभूषण चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना सेक्टर-20 पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। मैनुअल इंटेलिजेंस और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम ने 29 अप्रैल को कार्रवाई करते हुए डीएलएफ मॉल के पास से दोनों आरोपित महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार अभियुक्ताओं की पहचान रिद्धि उर्फ रचना (30 वर्ष) और सरिता गौतम (56 वर्ष), दोनों निवासी महेंद्र पार्क, दिल्ली के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान पुलिस को इनके पास से चोरी किए गए आभूषण—दो चूड़ियां, एक चूड़ी, चार ब्रेसलेट और तीन अंगूठियां—बरामद हुईं। इसके साथ ही घटना में इस्तेमाल की गई आई-10 कार (DL6CR7363) भी जब्त की गई है।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों आरोपित पहले भी चोरी के मामलों में शामिल रही हैं और दिल्ली के विभिन्न थानों में इनके खिलाफ मुकदमे दर्ज हैं। इससे साफ है कि यह एक शातिर गिरोह का हिस्सा हो सकती हैं, जो शोरूम और मॉल को निशाना बनाकर वारदातों को अंजाम देता रहा है।

पुलिस अब इस गिरोह के अन्य संभावित सदस्यों की तलाश में जुटी है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है। इस सफल खुलासे के बाद स्थानीय व्यापारियों और मॉल प्रबंधन ने राहत की सांस ली है।।