बुधवार, 29 अप्रैल 2026

मऊ :मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में जिला स्वच्छ भारत मिशन मैनेजमेंट कमेटी की बैठक संपन्न,​मऊ को मिले 4122 व्यक्तिगत शौचालयों का लक्ष्य।||Mau:The District Swachh Bharat Mission Management Committee meeting, chaired by the Chief Development Officer, concluded. Mau received the target of 4,122 individual toilets.||

शेयर करें:
मऊ :
मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में जिला स्वच्छ भारत मिशन मैनेजमेंट कमेटी की बैठक संपन्न,​मऊ को मिले 4122 व्यक्तिगत शौचालयों का लक्ष्य।
विकासखंड वार हुआ आवंटन, कार्यों में लापरवाही पर दी सख्त चेतावनी।
।।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक : मऊ मुख्य विकास अधिकारी विवेक कुमार श्रीवास्तव की अध्यक्षता में जिला स्वच्छ भारत मिशन मैनेजमेंट कमेटी की समीक्षा बैठक विकास भवन सभागार में संपन्न हुई। 
बैठक के दौरान स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) फेज-2 की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई और लंबित कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के कड़े निर्देश दिए गए।
मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि वित्तीय वर्ष के अंतर्गत जनपद को 4122 व्यक्तिगत शौचालयों के निर्माण का लक्ष्य प्राप्त हुआ है। बैठक में इस लक्ष्य का विकासखंड वार पारदर्शी आवंटन कर दिया गया है। उन्होंने निर्देशित किया कि पात्र लाभार्थियों का चयन कर निर्माण कार्य तत्काल प्रारंभ कराया जाए।
​लंबित आवेदनों का तत्काल सत्यापन
​वेबसाइट पर पेंडिंग पड़े व्यक्तिगत शौचालय के आवेदनों पर मुख्य विकास अधिकारी ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्राम पंचायत स्तर पर पेंडिंग आवेदनों का स्थलीय सत्यापन कर उन्हें तत्काल निस्तारित किया जाए, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति इस सुविधा से वंचित न रहे।
​कचरा प्रबंधन एवं ओएसआर की समीक्षा
​स्वच्छ भारत मिशन फेज-2 के तहत ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन पर विशेष जोर देते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने आरआरसी के निर्माण और उनके प्रभावी संचालन की समीक्षा की। उन्होंने पंचायतों के स्वयं के राजस्व के संग्रहण और उसके सदुपयोग को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
​बैठक में जनपद को प्लास्टिक कचरे से मुक्त करने हेतु नए प्लास्टिक संग्रह केंद्रों के निर्माण की प्रगति जांची गई। उन्होंने निर्देश दिया कि निर्धारित स्थलों पर निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया जाए ताकि प्लास्टिक कचरे का वैज्ञानिक निस्तारण सुनिश्चित हो सके।
​ग्राम पंचायतों में निर्मित सामुदायिक शौचालयों की क्रियाशीलता की समीक्षा करते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने स्पष्ट किया कि सभी शौचालयों में साफ-सफाई और जल आपूर्ति अनिवार्य है। उन्होंने केयरटेकर के मानदेय भुगतान में हो रही देरी पर नाराजगी व्यक्त की और आदेश दिया कि अविलंब लंबित मानदेय का भुगतान सुनिश्चित किया जाए।
​स्वच्छता अभियान के कार्यों में किसी भी स्तर पर शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लक्ष्य को समय सीमा के भीतर पूर्ण करना और सामुदायिक संसाधनों को क्रियाशील रखना हमारी प्राथमिकता है।
​बैठक में अपर जिला पंचायत राज अधिकारी किरन वर्मा, जिला कार्यक्रम अधिकारी अजीत कुमार सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी अनुज कुमार सभी एडीओ पंचायत एवं स्वच्छ भारत मिशन के जिला स्तरीय समन्वयक उपस्थित रहे।