शुक्रवार, 10 अप्रैल 2026

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में सीवेज समस्या से मिलेगी राहत: सदरपुर व सेक्टर-45 के लिए 10 MLD क्षमता का पंपिंग स्टेशन शुरू!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में सीवेज समस्या से मिलेगी राहत: सदरपुर व सेक्टर-45 के लिए 10 MLD क्षमता का पंपिंग स्टेशन शुरू!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा। बढ़ती आबादी और उसके साथ उत्पन्न हो रही सीवेज समस्याओं को ध्यान में रखते हुए प्राधिकरण ने एक अहम कदम उठाया है। शुक्रवार, 10 अप्रैल 2026 को ग्राम सदरपुर और सेक्टर-45 की लंबे समय से चली आ रही सीवेज समस्या के स्थायी समाधान के लिए नवनिर्मित सीवेज पंपिंग स्टेशन का उद्घाटन किया गया।

इस परियोजना का उद्घाटन नोएडा के माननीय विधायक श्री पंकज सिंह ने किया। कार्यक्रम में गौतमबुद्धनगर के माननीय सांसद के प्रतिनिधि, नोएडा प्राधिकरण के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी (एसपी) तथा महाप्रबंधक (जल) भी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने बताया कि यह परियोजना क्षेत्र के हजारों निवासियों को सीधे राहत पहुंचाएगी।

नए पंपिंग स्टेशन के शुरू होने से ग्राम सदरपुर और सेक्टर-45 से निकलने वाले सीवेज का निस्तारण अब सेक्टर-168 स्थित सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट में किया जाएगा। इसके लिए आधुनिक तकनीक से लैस IPS-4 और MSPS-1 प्रणाली का उपयोग किया जा रहा है, जिससे सीवेज प्रबंधन अधिक प्रभावी और सुचारु रूप से हो सकेगा।

अधिकारियों के अनुसार, इस पंपिंग स्टेशन की क्षमता 10 एमएलडी (मिलियन लीटर प्रति दिन) है, जो वर्तमान के साथ-साथ भविष्य की जरूरतों को भी ध्यान में रखकर तैयार की गई है। इस परियोजना के निर्माण पर कुल 689.20 लाख रुपये की लागत आई है।

विशेषज्ञों का मानना है कि यह परियोजना केवल मौजूदा समस्या का समाधान ही नहीं करेगी, बल्कि आने वाले वर्षों में बढ़ती आबादी के बावजूद सीवेज से जुड़ी परेशानियों को भी काफी हद तक नियंत्रित करेगी। स्थानीय निवासियों ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि अब उन्हें गंदे पानी और जलभराव की समस्या से निजात मिलेगी।