12 अप्रैल को गौतमबुद्ध नगर में NDA व CDS परीक्षा: 8 केंद्रों पर कड़ी निगरानी, नकल पर सख्त कार्रवाई के निर्देश!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक//गौतमबुद्ध नगर, 10 अप्रैल 2026।
संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की ओर से आयोजित होने वाली एनडीए/एनए (I) और सीडीएस (I) परीक्षा-2026 को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। आगामी 12 अप्रैल को जनपद के 08 परीक्षा केंद्रों पर इन परीक्षाओं का आयोजन किया जाएगा, जिसे निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और नकल-विहीन तरीके से संपन्न कराने के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।
इसी क्रम में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अतुल कुमार ने कलेक्ट्रेट सभागार में सेक्टर मजिस्ट्रेट, लोकल इंस्पेक्टिंग ऑफिसर और केंद्र व्यवस्थापकों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा से पहले सभी व्यवस्थाएं UPSC के मानकों के अनुरूप पूरी तरह दुरुस्त कर ली जाएं।
अपर जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि परीक्षा की पारदर्शिता और शुचिता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के बीच बेहतर समन्वय बेहद जरूरी है। सभी अधिकारी समय से अपने-अपने ड्यूटी स्थल पर पहुंचकर जिम्मेदारी निभाएं, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी भी अधिकारी की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही निर्देश दिए गए कि सभी परीक्षा केंद्रों पर मूलभूत सुविधाएं और सीसीटीवी कैमरे पूरी तरह सुचारू स्थिति में हों। किसी भी कमी को तत्काल दूर करने के आदेश दिए गए।
पुलिस विभाग को विशेष रूप से निर्देशित किया गया कि परीक्षा केंद्रों के प्रवेश द्वार पर कड़ी चेकिंग सुनिश्चित की जाए। इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स पर विशेष निगरानी रखी जाए, ताकि कोई भी अभ्यर्थी मोबाइल या अन्य उपकरण लेकर अंदर प्रवेश न कर सके और परीक्षा पूरी तरह नकल-विहीन हो।
बैठक में मौजूद UPSC के निरीक्षण अधिकारी ने भी सभी अधिकारियों को परीक्षा संचालन से जुड़ी विस्तृत जानकारी और दिशा-निर्देश दिए।
जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश कुमार सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि एनडीए/एनए परीक्षा जनपद के 05 केंद्रों पर दो पालियों में, जबकि सीडीएस परीक्षा 03 केंद्रों पर तीन पालियों में आयोजित की जाएगी।
इस अवसर पर सभी संबंधित अधिकारी, केंद्र व्यवस्थापक और पुलिस-प्रशासन के अधिकारी उपस्थित रहे।।
