गौतमबुद्धनगर में अंतिम मतदाता सूची जारी, 15 लाख से अधिक मतदाता दर्ज—राजनीतिक दलों के साथ अहम बैठक संपन्न!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक//गौतमबुद्धनगर, 10 अप्रैल 2026।
जिले में आगामी चुनावी तैयारियों को लेकर महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम 2026 के तहत विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया गया है। इसी क्रम में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला निर्वाचन अधिकारी की अध्यक्षता में सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ एक अहम बैठक आयोजित की गई।
बैठक में भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों एवं निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण नियम, 1960 के प्रावधानों के अनुरूप तैयार की गई अंतिम निर्वाचक नामावली (मतदाता सूची) सभी राजनीतिक दलों को औपचारिक रूप से उपलब्ध कराई गई। जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी दलों से पारदर्शी और निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया में सहयोग की अपील की।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी/अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) ने जानकारी देते हुए बताया कि जनपद में कुल 15,05,082 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें 8,23,304 पुरुष, 6,81,728 महिलाएं और 50 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं।
विधानसभा क्षेत्रवार आंकड़ों के अनुसार—
- नोएडा (61): 5,87,195 मतदाता
- दादरी (62): 6,05,204 मतदाता
- जेवर (63): 3,12,683 मतदाता
उन्होंने यह भी बताया कि आम नागरिक आगामी एक सप्ताह तक अपने-अपने मतदान केंद्रों (पोलिंग बूथ) पर जाकर मतदाता सूची का अवलोकन कर सकते हैं।
मतदान व्यवस्था की जानकारी देते हुए अधिकारियों ने बताया कि जनपद में कुल 743 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं, जबकि 2,024 मतदेय स्थल निर्धारित किए गए हैं। इनमें नोएडा, दादरी और जेवर विधानसभा क्षेत्रों के अनुसार केंद्रों और बूथों का समुचित वितरण किया गया है।
बैठक में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे, जिनमें भाजपा, समाजवादी पार्टी, बसपा, कांग्रेस, आम आदमी पार्टी और सीपीआईएम के पदाधिकारी शामिल थे। सभी दलों ने निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाए रखने में प्रशासन को सहयोग का आश्वासन दिया।।
