बुधवार, 8 अप्रैल 2026

गौतमबुद्धनगर: 25 हजार के इनामी गौ-तस्कर से पुलिस मुठभेड़, गोली लगने से घायल—अवैध तमंचा व चोरी की बाइक बरामद!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: 25 हजार के इनामी गौ-तस्कर से पुलिस मुठभेड़, गोली लगने से घायल—अवैध तमंचा व चोरी की बाइक बरामद!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

गौतमबुद्धनगर | 07 अप्रैल 2026

दो टूक// ग्रेटर नोएडा, थाना रबूपुरा क्षेत्र में मंगलवार देर शाम पुलिस और 25 हजार रुपये के इनामी गौ-तस्कर के बीच हुई मुठभेड़ में आरोपी गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, थाना रबूपुरा पुलिस टीम कार्गो टी-पॉइंट पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल सवार युवक आता दिखाई दिया, जिसे रोकने का इशारा किया गया। लेकिन वह रुकने के बजाय बाइक मोड़कर भागने लगा। संदेह होने पर पुलिस टीम ने उसका पीछा किया।

खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी को लग गई, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। मौके पर ही उसे काबू कर लिया गया।

घायल आरोपी की पहचान संजू पुत्र रुक्का उर्फ लुक्का (32 वर्ष) निवासी शेखपुर, थाना चांदहट, जिला पलवल (हरियाणा) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया।

बरामदगी में क्या मिला?
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से—

  • एक अवैध तमंचा (.315 बोर)
  • एक खोखा कारतूस (नाल में फंसा हुआ)
  • एक जिंदा कारतूस
  • बिना नंबर प्लेट की चोरी की मोटरसाइकिल

बरामद की है।

कई मामलों में था वांछित आरोपी
पूछताछ में सामने आया कि संजू थाना रबूपुरा में दर्ज गौवध निवारण अधिनियम और आर्म्स एक्ट के कई मामलों में वांछित चल रहा था। उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

अपराधिक इतिहास भी लंबा
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के खिलाफ गौतमबुद्धनगर और हरियाणा के विभिन्न थानों में गौवध, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम और आर्म्स एक्ट के तहत कई मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से आगे भी पूछताछ की जा रही है और उसके नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

पुलिस की कार्रवाई पर जोर
पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की ओर से बताया गया कि जिले में अपराध और गौ-तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।