शुक्रवार, 24 अप्रैल 2026

गौतमबुद्धनगर में श्रमिकों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं का बड़ा अभियान: 25 स्थानों पर लगे मेडिकल कैंप, 1 मई को 201 कैम्पों के साथ होगा महाअभियान!!

शेयर करें:


गौतमबुद्धनगर में श्रमिकों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं का बड़ा अभियान: 25 स्थानों पर लगे मेडिकल कैंप, 1 मई को 201 कैम्पों के साथ होगा महाअभियान!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

जिलाधिकारी ने सूरजपुर में कैंप का निरीक्षण कर लिया जायजा, श्रमिकों से संवाद कर सेवाओं का लिया फीडबैक

गौतमबुद्धनगर, 24 अप्रैल 2026:
दो टूक// ग्रेटर नोएडा,प्रदेश सरकार द्वारा श्रमिकों के कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए स्वास्थ्य सुविधाओं को सुलभ बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। माननीय मुख्यमंत्री के निर्देश पर जनपद गौतमबुद्धनगर में स्वास्थ्य विभाग, निजी अस्पतालों और स्वयंसेवी संस्थाओं के संयुक्त प्रयास से 25 स्थानों पर व्यापक मेडिकल कैंप/मेला का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रमिकों ने भाग लेकर निशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।

जिलाधिकारी गौतमबुद्धनगर ने सूरजपुर स्थित अंबेडकर भवन में आयोजित मेडिकल कैंप का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया और मौके पर मौजूद श्रमिक भाई-बहनों से सीधे संवाद कर फीडबैक प्राप्त किया। श्रमिकों ने उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया।

जिलाधिकारी ने कहा कि इस प्रकार के मेडिकल कैंप आगे भी निरंतर आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक श्रमिकों को उनके कार्यस्थल के पास ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने श्रमिकों से अपील की कि वे अपने परिवार, बच्चों और बुजुर्गों के साथ कैंप में पहुंचकर इन निशुल्क सेवाओं का अधिकतम लाभ उठाएं।

कैंप में आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं की व्यवस्था की गई थी, जिसमें महिला श्रमिकों के लिए मैमोग्राफी और ब्रेस्ट स्कैनिंग, दंत चिकित्सा के लिए पूर्ण सेटअप, एक्स-रे जांच, आंखों की जांच, मोतियाबिंद के निशुल्क ऑपरेशन और मुफ्त चश्मा वितरण जैसी सुविधाएं शामिल रहीं। बच्चों के लिए विशेष पीडियाट्रिक सेवाएं भी उपलब्ध कराई गईं।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नरेंद्र कुमार ने बताया कि विभिन्न अस्पतालों और संस्थाओं के सहयोग से बहुआयामी स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की गईं। इस दौरान सामान्य स्वास्थ्य जांच के साथ-साथ एनसीडी, टीबी, एचआईवी और कैंसर की स्क्रीनिंग की गई तथा जरूरतमंदों को निःशुल्क दवाएं वितरित की गईं। कई लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड भी बनाए गए, जिससे उन्हें भविष्य में बेहतर उपचार की सुविधा मिल सकेगी।

शारदा हॉस्पिटल द्वारा दंत और स्त्री रोग संबंधी जांच, आई केयर टीम द्वारा नेत्र परीक्षण और चश्मा वितरण, तथा अन्य संस्थाओं द्वारा मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से टीबी और एचआईवी जांच की गई।

यह मेडिकल कैंप सूरजपुर, बरौला, सेक्टर-16 झुग्गी, सर्फाबाद, सेक्टर-15 नया बास, सेक्टर-8 झुग्गी, चौड़ा, मलकपुर, असगरपुर, छपरौला, हबीबपुर, नगला इलाहाबास, नयागांव, सलारपुर, वेदापुर, छलेरा, गेझा, सेक्टर-09 झुग्गी, मंगरौली, रोजा जलालपुर, कुलेसरा, ककराला और भंगेल सहित श्रमिक बहुल क्षेत्रों में आयोजित किए गए।

प्रशासन द्वारा जानकारी दी गई कि आगामी 1 मई को जनपद में विशेष स्वास्थ्य महाअभियान चलाया जाएगा, जिसके तहत 201 मेडिकल कैंप लगाए जाएंगे। इस दौरान सभी सरकारी और 22 निजी अस्पतालों में पूरे दिन श्रमिकों के लिए निशुल्क स्वास्थ्य जांच, उपचार और आवश्यक ऑपरेशन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

इस व्यापक पहल के माध्यम से प्रशासन ने श्रमिकों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है, जिससे उनके स्वास्थ्य स्तर में सुधार के साथ-साथ सामाजिक सुरक्षा को भी मजबूती मिलेगी।।