मंगलवार, 7 अप्रैल 2026

गौतमबुद्धनगर: जनगणना-2027 को लेकर प्रशासन सख्त, डीएम ने तय की समयसीमा—लापरवाही पर होगी कड़ी कार्रवाई!!

शेयर करें:


गौतमबुद्धनगर: जनगणना-2027 को लेकर प्रशासन सख्त, डीएम ने तय की समयसीमा—लापरवाही पर होगी कड़ी कार्रवाई!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
प्रगणकों की तैनाती, प्रशिक्षण और ब्लॉक निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश, अगले चरण की तैयारियां तेज

दो टूक// गौतमबुद्धनगर, 07 अप्रैल 2026।
राष्ट्रीय जनगणना-2027 के सफल आयोजन को लेकर जनपद प्रशासन ने अपनी तैयारियों को तेज कर दिया है। इसी क्रम में जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें जनगणना कार्य से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जनगणना जैसे राष्ट्रीय महत्व के कार्य में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि कार्य में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने नोएडा और ग्रेटर नोएडा क्षेत्रों में मकान सूचीकरण ब्लॉकों के निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह प्रक्रिया समय पर पूरी होना अत्यंत आवश्यक है, ताकि आगामी चरणों में कोई व्यवधान न आए।

इसके साथ ही जिलाधिकारी ने प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों की नियुक्ति को लेकर शिक्षा विभाग और पंचायत राज विभाग को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने कर्मचारियों की सूची तत्काल उपलब्ध कराएं। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि समयबद्ध तरीके से नियुक्ति प्रक्रिया पूरी करना जनगणना की सफलता के लिए जरूरी है।

प्रशिक्षण व्यवस्था को लेकर भी जिलाधिकारी ने विशेष निर्देश दिए। उन्होंने सभी तहसीलों और नगरीय क्षेत्रों के जनगणना चार्ज अधिकारियों को आदेशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में प्रगणकों और पर्यवेक्षकों के प्रशिक्षण हेतु स्थल एवं तिथि तय कर उसकी सूचना अगले ही दिन जिलाधिकारी कार्यालय को उपलब्ध कराएं।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) एवं जिला जनगणना अधिकारी अतुल कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश कुमार सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पवार सहित नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण के अधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा जनगणना कार्य निदेशालय, उत्तर प्रदेश, लखनऊ से उप निदेशक अभिमन्यु सिंह, जिला प्रभारी जनगणना प्रदीप कुमार एवं उत्कर्ष पाण्डेय भी बैठक में शामिल हुए।

प्रशासन की इस सक्रियता से स्पष्ट है कि जनगणना-2027 को लेकर गौतमबुद्धनगर में तैयारियां अब निर्णायक चरण में पहुंच चुकी हैं और इसे सफल बनाने के लिए हर स्तर पर सख्ती और निगरानी बढ़ा दी गई है।।