शुक्रवार, 24 अप्रैल 2026

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में पर्यावरण नियमों की खुली अनदेखी, प्राधिकरण का बड़ा एक्शन: क्लाउड किचन पर 2 लाख का जुर्माना, 30 किलो प्लास्टिक जब्त!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में पर्यावरण नियमों की खुली अनदेखी, प्राधिकरण का बड़ा एक्शन: क्लाउड किचन पर 2 लाख का जुर्माना, 30 किलो प्लास्टिक जब्त!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

ग्रेटर नोएडा/नोएडा, 24 अप्रैल 2026।
दो टूक//नोएडा प्राधिकरण ने पर्यावरण मानकों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए एक बड़ी कार्रवाई की है। सेक्टर-8 स्थित M/s KIC Food Product Pvt. Ltd. के क्लाउड किचन पर गंभीर अनियमितताएं पाए जाने के बाद 2 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है।

मुख्य कार्यपालक अधिकारी के निर्देश पर जन स्वास्थ्य अधिकारी श्री इंदु प्रकाश सिंह और हेल्थ एवं सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट के प्रबंधक श्री राहुल कुमार के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने यह औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान यह सामने आया कि कंपनी द्वारा पर्यावरण और सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट से जुड़े कई नियमों की खुलेआम अनदेखी की जा रही थी।

निरीक्षण में सबसे गंभीर बात यह रही कि संस्थान का ETP (एफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट) पूरी तरह निष्क्रिय मिला। इसके अलावा ऑयल और ग्रीस ट्रैप, ट्यूब सेटलर जैसे जरूरी सिस्टम भी काम नहीं कर रहे थे। फ्लो मीटर की अनुपस्थिति, स्लज मैनेजमेंट में लापरवाही और लॉगबुक का न होना प्रशासनिक अनियमितताओं की ओर इशारा करता है।

इतना ही नहीं, बल्क वेस्ट जनरेटर की श्रेणी में आने के बावजूद OWC प्लांट स्थापित नहीं किया गया था, जो नियमों का स्पष्ट उल्लंघन है। अपशिष्ट पृथक्करण और भंडारण के मानकों का भी पालन नहीं किया जा रहा था।

सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि नोएडा में पूर्णतः प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक का बड़े पैमाने पर इस्तेमाल किया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान टीम ने करीब 30 किलोग्राम प्लास्टिक जब्त किया।

इन गंभीर खामियों को देखते हुए प्राधिकरण ने तत्काल प्रभाव से 2 लाख रुपये का आर्थिक दंड लगाया और चेतावनी दी कि यदि भविष्य में नियमों का पालन नहीं किया गया तो और कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

इस कार्रवाई के बाद टीम ने सेक्टर-55 स्थित रेडिसन होटल में भी OWC मशीन और ETP प्लांट का निरीक्षण किया, जहां व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।

निरीक्षण के दौरान पर्यावरण सेल के अधिकारी श्री अब्दुल रहमान, श्रीमती प्रियंका, डिवीजन हेड श्री सूरज सिंह समेत गाइडेड फॉर्च्यून समिति (NGO) के सदस्य भी मौजूद रहे।

नोएडा प्राधिकरण की इस सख्त कार्रवाई से साफ संकेत मिल गया है कि पर्यावरण नियमों के उल्लंघन पर अब किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।।